मशहूर कॉमेडियन और गायिका सुगंधा मिश्रा आज अपना 31वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही हैं। उनका जन्म 23 मई, 1988 को जालंधर में हुआ था। वह एक टेलीविजन प्रस्तुतकर्ता भी हैं। हालांकि वह कई कॉमेडी शोज और स्टेज पर अपना हुनर साबित कर चुकी हैं लेकिन कपिल शर्मा के शो से उन्हें प्रसिद्धि मिली थी। इस शो में वह एक शिक्षिका विद्यावती का किरदार निभाया करती थीं।
सुगंधा ने सिंगिंग रियलिटी शो 'सा रे गा मा पा' की फाइनलिस्ट रह चुकी हैं। इसके बाद वह कॉमेडी शो द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज का भी हिस्सा रह चुकी हैं। साल 2018 की शुरुआत में कपिल शर्मा का शो विवादों से घिरा रहा था। इस दौरान उनके शो की साथी सुगंधा ने कहा था 'कपिल अपना स्टारडम संभाल नहीं पाए और यही कारण हैं कि उनका शो विवादों में है।' इधर, विवादों के बीच कपिल का शो बंद ही हो गया था।
एक इंटरव्यू में सुगंधा ने कहा था 'कपिल ने घरवालों को मनाकर ही इस इंडस्ट्री से जुड़े थे और यही वजह है कि उन्हें इतनी अपार सफलता मिली, लोगों ने जब भी मुझसे कपिल के बारे में पूछा कि वह कैसे इंसान हैं तो इसपर मैं बहुत गर्व से कहती थी कि वह अभी भी पहले की ही तरह हैं, वह अब भी लोगों की मदद करने में पीछे नहीं रहते, दूसरों के बारे में सोचना उनकी प्राथमिकता है।'
सुगंधा ने आगे कहा था - 'यह वह कपिल नहीं हैं जिसे मैं जानती हूं। मेरे परिवार को मनाया और मुझे मुंबई लेकर आए। उनका यह बर्ताव उनके करियर को नीचे की ओर ले जाएगा। मुझे ऐसा लगता है कि अचानक मिली सफलता को वह संभाल नहीं पाए। अपने आप पर से काबू खो बैठे यहां तक कि अपनी टीम पर भी।'
सुगंधा ने प्रीति सिमोस और कपिल के बारे में बात करते हुए कहा था - 'जब हम लोग शो में साथ काम करते थे तो ऐसा बिल्कुल भी नहीं था। यह सब फिल्म फिरंगी के दौरान शुरू हुआ। मुझे लगता है तभी से उनमें बदलाव आना शुरू हो गया। उनकी नई टीम हम लोगों को अलग करना चाहती थी शायद टीम को ही बदलना चाहती थी।'