छोटे पर्दे पर कलाकारों के अभिनय को दर्शकों का बहुत प्यार मिलता है। ये सितारे हर रोज कुछ वक्त के लिए ही फैंस के सामने आते हैं, लेकिन दर्शकों के साथ इनका जिंदगी भर का रिश्ता बन जाता है। हालांकि फैंस ये जानने में बहुत ज्यादा दिलचस्पी दिखाते हैं कि पर्दे पर इन सितारों के आपस में कैसे संबंध हैं। कई बार पर्दे पर साथ साथ काम करने वाले ये सितारे असल जिंदगी में एक दूसरे की शक्ल देखना भी पसंद नहीं करते हैं। सेट से अक्सर उनके झगड़ने, लड़ने और विवाद की खबरें सामने आती हैं। हालांकि टीवी पर काम करने वाले बहुत से सितारे ऐसे भी हैं जो सीरियल में तो एक दूसरे के दुश्मन का किरदार निभाते हैं, लेकिन असल जिंदगी में इनकी बॉन्डिंग बहुत जबरदस्त है।
दिलचस्प: स्क्रीन पर एक दूसरे के खून के प्यासे, असल जिंदगी में बहुत अच्छे दोस्त हैं ये सितारे
श्रृति झा और लीना जुमानी
शो 'कुमकुम भाग्य' में श्रृति और लीना प्रज्ञा और तनु के किरदार में नजर आईं थीं। इस सीरियल मे दिखाया गया था कि प्रज्ञा और तनु दोनो ही अभि से प्यार करती हैं। एक ही लड़के से प्यार करने के चलते दोनो एक दूसरे की दुश्मन बनी रहती हैं। पर्दे पर इनकी लड़ाईयां दर्शकों को खूब पसंद आती थी। हालांकि असल जिंदगी में दोनों ही अभिनेत्रियां एक दूसरे की अच्छी दोस्त हैं।वो सेट पर अक्सर साथ समय बिताया करतीं थीं। इतना ही नहीं कई बार दोनों साथ में छुट्टियां मनाने भी निकल जाती हैं। इस शो को दर्शकों ने खूब प्यार दिया था। साथ ही श्रृति और लीना की अदायगी को भी दर्शकों ने खूब पसंद किया था।
रोहिताश गौड़ और आसिफ शेख
सीरीयल 'भाबी जी घर पर हैं' में ये दोनो अभिनेता तिवारी जी और विभूति जी के किरदार में नजर आते हैं। तिवारी जी ने अंगूरी से शादी की है और विभूति ने अनीता से, लेकिन तिवारी जी अनीता भाभी पर लाइन मारते हैं और विभूति को अंगूरी भाभी पसंद हैं। एक दूसरे की पत्नियों को लाइन मारने के चक्कर में ये एक दूसरे का खूब मजाक उड़ाते हैं। पर्दे पर कई बार इन्हें एक दूसरे से दुश्मनी जताते देखा गया है। हालांकि असल जिंदगी में रोहिताश और आसिफ बहुत अच्छे दोस्त हैं और इनकी बॉन्डिंग जबरदस्त है।
जेनिफर विगेंट और अनेरी
सीरियल 'बेहद' में जेनिफर ने माया और अनेरी ने सांझ का किरदार निभाया था। शो में दिखाया गया था कि माया सांझ से नफरत करती है और उसके खिलाफ साजिश रचती है। यहां तक कि वो उसे जान से मारने तक की कोशिश करती है। पर्दे पर दोनों को साथ देखकर हर किसी को यही लगता था कि ये एक दूसरे से नफरत करती होंगी। असल में ये दोनों अभिनेत्रियां एक दूसरे की अच्छी दोस्त हैं। इतना ही नहीं जब अनेरी को उनके पतले शरीर के कारण आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था जब जेनिफर उनके समर्थन में आईं थीं और सच्ची दोस्ती निभाई थी।
अनीता हसनंदानी और दिव्यांका त्रिपाठी
शो 'ये हैं मोहब्बतें' में अनीता और दिव्यांका ने सौतन का किरदार निभाया था। अनीता शो में शगुन के किरदार में थीं और दिव्यांका इशिता भल्ला के किरदार में नजर आईं थीं। इस सीरियल में दिखाया गया था कि शगुन अपने पति रमन भल्ला को छोड़कर अशोक के पास चली जाती है। वहीं जब इशिता और रमन की शादी हो जाती है तो कुछ समय बाद शगुन लौट आती है। वो घर पर बहू होने का हक जमाने लगती है। ऐसे में शगुन और इशिता एक दूसरे को पसंद नहीं करती हैं। हालांकि असल जिंदगी में अनीता और दिव्यांका एक दूसरे की अच्छी सहेली हैं और साथ वक्त बिताना पसंद करती हैं।