रियलिटी शो में हर दिन कुछ इस तरह की घटनाएं हो जाती हैं जिनके बारे में शायद ही कोई सोचता हो। फिर चाहे वह बिग बॉस हो या फिर कोई दूसरा रियलिटी शो। कुछ दिनों पहले ही बच्चों के सिंगिंग रियलिटी शो में सिंगर पापोन को लेकर एक विवाद हुआ था और अब एक और रियलिटी शो में हैरान कर देने वाली एक खबर सामने आ रही है। दरअसल अब एक रियलिटी शो में कंटेस्टेंट ने एक्ट्रेस के साथ फ्लर्ट करने की चाहत रखते हुए अपनी सेक्शुअल क्षमता भी बता डाली।
इन दिनों एमटीवी पर प्रसारित होने वाले रियलिटी शो रोडीज के ऑडिशन्स चल रहे हैं। देश भर के तमाम बड़े-बड़े शहरों में इस शो के लिए प्रतिभागियों का चयन किया जा रहा है। इसी ऑडिशन के सिलसिले में शो की पूरी टीम कुछ दिनों पहले चंडीगढ़ पहुंची थी। ऑडिशन लेने के लिए वहां फिल्म एक्ट्रेस नेहा धूपिया, रघु और रणविजय मौजूद थे। ऑडिशन के दौरान एक शख्स ऐसा आया जिसने वहां अपनी बातों से सबको हिलाकर रख दिया। इस कंटेस्टेंट का नाम हर्वप्रीत था।
ऑडिशन में जब उससे पूछा गया कि आप शो में क्यों आना चाहते हो तो उसके जवाब में उसने कुछ ऐसा कहा कि सब हैरान रह गए। हर्वप्रीत ने कहा कि वह नेहा धूपिया को बहुत पसंद करता है और उनके साथ फ्लर्ट करने की इच्छा रखता है और सिर्फ इसीलिए वह शो में आना चाहता है। हर्वप्रीत यहीं नहीं रुका। उसने आगे सारी मर्यादाओं को लांघते हुए अपनी सेक्शुअल पावर का बखान भी दे डाला। हर्वप्रीत की इन बातों को सुनकर तीनों जज भड़क गए।
वहीं नेहा धूपिया ने जवाब में कहा- 'तुम्हारी बातों से ये पता चलता है कि तुम्हारे अंदर महिलाओं के लिए कोई सम्मान नहीं है। तुम जिस तरह से अपनी सेक्शुअल स्ट्रेंथ बता रहे हो, उससे समझ में आ जाता है कि तुम्हारी फितरत क्या है। मैं नहीं चाहती कि तुम्हारे जैसा कोई सनकी मेरे शो में रहे। तुम्हारी बातें सुन मुझे अपने साथ ही शो की महिला प्रतिभागियों के लिए भी डर-सा लग रहा है। तुम तुरंत यहां से निकल जाओ।' नेहा धूपिया की बातों का बाकी जजों ने भी समर्थन किया और हर्वप्रीत को जमकर सुनाया। इसके बाद उसे शो के मेकर्स से उसे हॉल से खींचकर बाहर निकाल दिया।