रामानंद सागर के सीरियल 'रामायण' के पुन: प्रसारण के बाद से इसके कलाकार भी सोशल मीडिया पर खूब छाए हुए हैं। सीरियल में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी तो हर दिन के एपिसोड के साथ उसके पीछे का किस्सा भी बता रहे हैं। ऐसा ही मजेदार किस्सा उन्होंने बताया जब सुग्रीव का किरदार करने वाले अभिनेता श्याम सुंदर को सेट पर घुंघरू की आवाज सुनाई देने लगी थी। साथ ही सुनील लहरी ने खुलासा किया कि किस तरह 'रामायण' में एक ही व्यक्ति ने सुग्रीव और बाली का किरदार निभाया था।
2 of 5
रामायण
- फोटो : सोशल मीडिया
सुनील लहरी ट्विटर पर वीडियो साझा कर कहते हैं, 'सेट पर जब सुग्रीव जी (श्याम सुंदर) आए, रूम में गए पहली बार, तब उनके साथ सागर साहब के बड़े बेटे थे। उन्होंने सुग्रीव जी को भटकती आत्मा वाली कहानी बताई। उसी दिन, रात को हमने मिलकर ड्रेस डिपार्टमेंट से घुंघरू ले लिए और काले धागे में बांधकर सुग्रीव जी के रूम के दरवाजे पर लगा दिया।'
3 of 5
रामायण
- फोटो : सोशल मीडिया
सुनील आगे बताते हैं, 'जब सुग्रीव जी सो गए तो हमने उनका दरवाजा खटखटाया। आवाज सुनकर सुग्रीव जी बाहर आए। उनके बाहर आते ही हम लोगों ने घुंघरू खींच लिए। घुंघरू खिंचते ही छनछन की आवाज आई। एक बार हो गया, दो बार हो गया, तीन बार हो गया। वो परेशान हो गए।'
4 of 5
रामायण
- फोटो : सोशल मीडिया
सुनील ने बताया कि 'अगले दिन उन्होंने सागर साहब से रिक्वेस्ट की कि उन्हें एक रूम पार्टनर दे दिया जाए। जिससे उनका समय कट जाए। रात में वो बोर हो जाते हैं। उन्होंने ये नहीं बताया कि उन्हें डर लग रहा है। बाद में सुग्रीव जी ने हमसे पूछा कि क्या तुम लोगों ने भी घुंघरू की आवाज सुनी तो हमने कहा कि हम शुरू से ही हनुमान चालीसा पढ़ते आ रहे हैं और इसलिए हमें शांति से नींद आ जाती है।'
5 of 5
रामायण
- फोटो : सोशल मीडिया
एक अन्य किस्सा बताते हुए सुनील कहते हैं कि 'सीरियल में सुग्रीव और बाली का किरदार एक ही अभिनेता ने निभाया था। ऐसे में पर्दे पर उनकी लड़ाई का सीन दिखाना मुश्किल था हालांकि क्रोमा की वजह से ऐसा हो पाया। पहले बाली के सारे सीक्वेंस कर लिए फिर सुग्रीव के सारे सीक्वेंस पूरे किए। बाद में उन्हें मिला दिया गया।' बता दें कि रामायण में सुग्रीव का किरदार निभाने वाले अभिनेता श्याम सुंदर का पिछले महीने अप्रैल में ही निधन हो गया था।