बिग बॉस 11 से बाहर होने के बाद प्रियांक शर्मा अब बड़े पर्दे पर एक्टिंग में हाथ आजमाना चाहते हैं। प्रियांक और लव पिछले हफ्ते एक टास्क में हारने के चलते नॉमीनेट हुए थे। कम वोट मिलने के चलते प्रियांक को घर से बेघर होना पड़ा।
शो के पहले हफ्ते में बाहर हुए प्रियांक शर्मा ने घर में दोबारा एंट्री ली थी। लेकिन शो में दोबारा एंट्री लेने के दो महीने बाद वे घर से फिर बेघर हो गए हैं। लेकिन शो से बाहर होने के बाद एक इंटरव्यू में प्रियांक ने बताया कि वे अब एक अभिनेता बनना चाहते हैं।
'रोडीज राइजिंग' और 'स्प्लिट्सविला' जैसे रियल्टी शोज में काम कर चुके प्रियांक का कहना है कि उनमें डांस का बड़ा हुनर है और वे इसके चलते एक अभिनेता बनने के काबिल हैं। बता दें कि उन्होंने शिल्पा और अर्शी से माफी भी मांगी है।
दरअसल, प्रियांक ने शिल्पा के वजन को लेकर भद्दी टिप्पणी की थी और अर्शी खान के बारे में अनाप-शनाप खुलासे किए थे। ये उस वक्त की बात है जब प्रियांक ने घर में दोबारा प्रवेश किया था। प्रियांक ने अर्शी के पुणे वाले स्कैंडल के बारे में बात कर घर में हलचल मचा दी थी।
बता दें कि बिग बॉस के घर में उनके सबसे अच्छे दोस्त विकास गुप्ता थे और इसके बावजूद वे हिना और लव के साथ ज्यादा रहते थे। लेकिन एक बार को उन्हें हिना की टीम का सदस्य मान लिया गया था। लेकिन विकास की वजह से प्रियांक ने हिना की दोस्ती की परवाह नहीं की।