टेलीविजन से राजनीति तक का स्मृति ईरानी (Smriti Irani) का सफर काफी दिलचस्प रहा है। स्मृति ने हाल ही में लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को अमेठी से हराकर इतिहास रचा। वहीं हाल ही में पीएम मोदी की कैबिनेट में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का पदभार संभाला। हमेशा सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाली मोदी सरकार की इस मंत्री ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर को शेयर करते हुए स्मृति ने कुछ ऐसा लिख दिया कि उनका पोस्ट तुरंत वायरल हो गया।
स्मृति ईरानी ने वजन को लेकर खुद का उड़ाया मजाक, बोलीं- 'क्या से क्या हो गया देखते देखते'
स्मृति ईरानी (Smriti Irani) ने इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरें शेयर की हैं। इन दोनों तस्वीरों में स्मृति की दोस्त और भाजपा सांसद दर्शना जारदोश नजर आ रही हैं। इन दोनों तस्वीरों में एक तस्वीर अभी की है जबकि एक तस्वीर पुरानी। तस्वीर शेयर करते हुए स्मृति ने कैप्शन में खुद का वजन को लेकर मजाक उड़ाया। स्मृति ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- 'क्या से क्या हो गया देखते देखते।' #thoughtfulthursday
Kya se kya ho gaye dekhte dekhte 🤦♀ when #thoughtfulthursday ‘weighs’ on you 🤪😆 @darshanajardosh
A post shared by Smriti Irani (@smritiiraniofficial) on
स्मृति ईरानी लगातार सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट की वजह से सुर्खियों में रहती हैं। कुछ दिन पहले स्मृति की एकता कपूर के साथ तस्वीर वायरल हुई थी। एकता ने यह तस्वीर तब शेयर की थी जब वह स्मृति के साथ 14 किमी नंगे पांव चलकर सिद्धिविनायक मंदिर गई थीं। एकता कपूर ने स्मृति ईरानी के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम और ट्विटर पर कैप्शन के साथ तस्वीर शेयर करके इसकी जानकारी दी थी।
तस्वीर शेयर करते हुए एकता ने लिखा, 'सिद्धि विनायक तक 14 किमी चलने के बाद का ग्लो।' एकता के इस पोस्ट पर स्मृति इरानी ने कमेंट किया, 'यह भगवान की इच्छा थी, भगवान दयालु हैं।' स्मृति ने अपने करियर के शुरूआती दौर में मॉडलिंग की। बाद में स्मृति ने टीवी की दुनिया में कदम रखा। कई सीरियल किए लेकिन पहचान एकता कपूर के सीरियल 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' से मिली।
इस सीरियल में स्मृति ने तुलसी वीरानी का रोल निभाया था। 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' के लिए स्मृति को 5 इंडियन टेलीविजन एकेडमी अवॉर्ड्स, 4 इंडियन टेली अवॉर्ड्स और 8 स्टार परिवार अवॉर्ड्स मिले। राजनीति की बात करें तो स्मृति ईरानी ने अमेठी से साल 2014 में भी राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरी थीं लेकिन जीत नहीं मिली थी। हालांकि इस बार वह राहुल को उनके गढ़ में हराने में कामयाब हो गईं।