इंडियाज नेक्स्ट टॉप मॉडल में बतौर जज आने के बाद मशहूर मॉडल मिलिंद सोमन एक नया शो लेकर आ रहे हैं। अपनी फिटनेस को लेकर चर्चा में बने रहने वाले मिलिंद सोमन अपने 'आई कैन यू कैन शो' लेकर आ रहे हैं। ये शो बीबीसी इंडिया के सहयोग से बनाया गया है। जिसमें धूम्रपान के दुष्परिणामों के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मिलिंद डिजिटल प्लेटफार्म Viu के जरिए ये शो लेकर आएंगे। गौरतलब है कि मिलिंद सोमन खुद भी कभी चेनस्मोकर रह चुके हैं और करीब तीन साल पहले उन्होंने स्मोकिंग छोड़ी। शायद यही वजह है कि निर्माताओं ने फिटनेस फ्रीक मिलिंद सोमन को इस शो के लिए चुना है, उनके अनुभव से कंटेस्टेंट को काफी मदद मिलेगी।
निर्माताओं ने बताया कि 'शो में हिस्सा लेने वाले कंटेस्टेंट्स एवरेस्ट बेस कैंप तक पहुंचने के लिए चढ़ाई करेंगे, इसके लिए दो लोगों की एक टीम बनाई जाएगी। जोड़ियों में एक पार्टनर एक्टिव स्मोकर होगा जबकि दूसरे पार्टनर ने हाल ही स्मोकिंग छोड़ी होगी। नॉन स्मोकर कंटेस्टेंट अपने सहयोगी पार्टनर को स्मोकिंग छोड़ने के लिए प्रेरित करेगा। शो के जरिए सभी प्रतिभागियों की मानसिक और शारीरिक क्षमता देखी जाएगी।'
पढ़ें: 'हिचकी' से फिर आ रहीं रानी मुखर्जी, फिल्म 'टाइगर जिंदा है' से होगा ये खास कनेक्शन
टीवी और वेब की दुनिया में कई रियलिटी शोज चल रहे हैं लेकिन ये शायद पहला मौका है जब स्मोकिंग जैसे गंभीर विषय पर कोई कार्यक्रम होगा। शो से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक, 'इस कार्यक्रम में कंटेस्टेंट्स के एवरेस्ट बेस कैंप पर चढ़ाई की क्षमता देखी ही जाएगी, साथ ही स्मोकर और नॉन स्मोकर कंटेस्टेंट के एनर्जी लेवल और उनके स्वास्थ्य पर स्मोकिंग का क्या प्रभाव पड़ता है इसे भी दिखाया जाएगा।'
बता दें कि आई कैन, यू कैन सीरीज में 6 एपिसोड होंगे। जिसमें 6 लोगों को एवरेस्ट यात्रा दिखाई जाएगी। जिसमें से तीन लोगों को स्मोकिंग की लत होगी और तीन ऐसे हैं जिन्होंने हाल में ही स्मोकिंग छोड़ी है।
पढ़ें: कंडोम के विज्ञापन पर आए फैसले के खिलाफ दिखे पहलाज, अक्षय को भी लपेटे में