'कौन बनेगा करोड़पति' का वैसे तो हर एपिसोड ही खास होता है लेकिन शुक्रवार का एपिसोड इस वजह से ज्यादा खास हो जाता है क्योंकि इसमें भारत के कर्मवीर आते है। इस बार 'केबीसी' 10 में मुंबई 26/11 आतंकी हमले में अपनी जान की बाजी लगातार 150 से भी ज्यादा लोगों को बचाने वाले पूर्व मरीन कमांडो प्रवीण कुमार तेवतिया आए।
प्रवीण कुमार तेवतिया शौर्य चक्र से सम्मानित हैं। 'कौन बनेगा करोड़पति' के दौरान अमिताभ बच्चन ने प्रवीण तेवतिया से उनके अनुभवों के बारे में बात की। प्रवीण किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। प्रवीण के बड़े भाई भी भारतीय सेना में है। उन्होंने बताया कि 12वीं के बाद एनसीसी आर्मी विंग ज्वॉइन की थी। आर्मी में ही भर्ती होना चाहता था लेकिन हाइट कम होने की वजह से दाखिला नहीं मिला। तब भाई ने कहा कि तुम नेवी या फिर एयरफोर्स ज्वॉइन कर लो।
प्रवीण ने बताया कि जब उन्होंने नेवी ज्वॉइन की थी उस वक्त उनकी उम्र महज 17 साल थी। साल 2008 में ताज होटल पर हुए आतंकी हमले में प्रवीण कुमार तेवतिया को 4 गोलियां भी लगी थीं। एक गोली कान में लगने की वजह से सुनने की क्षमता पर कुछ प्रभाव पड़ा था। इसके बाद प्रवीण ने फील्ड की बजाय डेस्क का काम संभाला।
'कौन बनेगा करोड़पति' के कर्मवीर एपिसोड में प्रवीण कुमार तेवतिया ने अपनी किस्मत आजमाई। हॉट सीट पर उन्होंने शानदार खेलते हुए 12 लाख 50 रुपए जीते। प्रवीण कुमार तेवतिया से पहले हॉट सीट पर सीआईएसएफ जगबंधु बसुनिया बैठे थे। जगबंधु 25 लाख रुपए जीत चुके थे लेकिन 50 लाख के सवाल का जवाब नहीं दिया और बीच में ही खेल को छोड़ने का फैसला किया। जगबंधु कुल 25 लाख रुपए जीतकर गए।
जगबंधु से पहले उत्तराखंड की रश्मि रावत ने शो में अपनी किस्मत आजमाई थी। हालांकि वह मोटी रकम जीतने में नाकामयाब हुईं और महज 10 हजार रुपए से भी संतोष करना पड़ा। 'कौन बनेगा करोड़पति' शो दर्शकों के बीच हमेशा से ही पॉपुलर रहा है लेकिन इस बार की रेटिंग इस शो के लिए बड़ा झटका है। इस बार यह शो रेटिंग में टॉप 10 से बाहर है।