'कौन बनेगा करोड़पति 10' हर दिन अपने नए मुकाम पर पहुंचता जा रहा है। केबीसी के चौथे एपिसोड में गुरुवार को हॉट सीट पर गाजियाबाद की अंजुला भटनागर अपनी किस्मत आजमाने उतरीं। अंजुला भटनागर से बात करते हुए अमिताभ बच्चन ने अपने कई किस्से शेयर किए।
अंजुला भटनागर ने अमिताभ बच्चन से पूछा कि क्या वो कभी बिन बुलाए शादी में शामिल हुए हैं। उनके सवाल का जवाब देते हुए अमिताभ बच्चन ने कहा कि जब वो स्कूल में पढ़ते थे उस दौरान एक साल वो हॉस्टल में थे तो महीने के आखिर में उनके पैसे खर्च हो जाया करते थे। अब ऐसे में बाहर का खाना भी खाने का मन होता था तो वो अपने दोस्तों के साथ मिलकर प्लान बनाते थे।
अमिताभ बच्चन ने आगे कहा कि एक बार ऐसे ही वो अपने 4-5 दोस्तों के साथ तैयार होकर एक शादी में शामिल होने पहुंचे। जब एंट्री गेट पर उनसे मेजबानों ने पूछा कि किस साइड से हैं तो उन्होंने कहा कि हम बाराती हैं। जो पीछे आ रहे हैं उनसे मेरे बारे में पूछ लो। इस तरह उनके पीछे 4-5 दोस्त थे उनसे भी यही सवाल किया तो सभी यह कहते हुए अंदर आ गए कि वो बारात की साइड से हैं। सभी ने भरपेट खाना खाया और चुपचाप वहां से चलते बने।
वहीं एक दूसरा किस्सा शेयर करते हुए अमिताभ ने बताया कि जया बच्चन को उनकी फिल्में हों या तस्वीरें बहुत कम पसंद आती हैं। अगर उन्होंने फिल्म देखी और चुपचाप वहां से चली गईं तो मतलब उन्हें फिल्म पसंद नहीं आईं। ऐसा ही एक बार अमिताभ फिल्म 'लावारिस' का गाना 'मेरे अंगने में तुम्हारा क्या काम है' में महिला का किरदार बने थे तो इससे जया बच्चन खूब नाराज हुई थीं।
वहीं कंटेस्टेंट अंजुला की बात करें तो वो हॉट सीट तक पहुंची तो उन्होंने बिग बी को शॉल पहनाई और उन्हें गणेश जी की मूर्ति गिफ्ट की । अंजुला के परिवार में उनके पति विपिन भटनागर के अलावा दो बेटी और एक बेटा है । अंजुला अपने परिवार के साथ गाजियाबाद में रहती हैं । उन्होंने शो में 3.20 लाख की ईनामी राशि जीती।