कौन बनेगा करोड़पति में बुधवार यानी एक सितंबर वाले एपिसोड में लखनऊ के अमन हॉट सीट बैठे। 23 साल के अमन फिलहाल पढ़ाई कर रहे हैं और उनकी ख्वाहिश है कि वे जीते हुए पैसों से शहर में फैमिली रेस्त्रां खोलेंगे। हालांकि, उन्हें शो में 12 लाख 50 हजार रुपये से ही सब्र करना पड़ा है। बता दें कि सोनी टीवी के फेमस क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' सीजन 13 में शामिल होने वाले कंटेस्टेंट लाखों-करोड़ों रुपए जीतकर अपने साथ घर लेकर जा रहे हैं। ये शो सिर्फ कंटेस्टेंट्स की किस्मत बदलने वाला नहीं है बल्कि टीवी पर हर दर्शक वर्ग में इसको लेकर जबरदस्त उत्सुकता बनी रहती है।
KBC: अमन बाजपेयी ने 12 लाख 50 हजार पर छोड़ा शो, क्या आपको पता है 25 लाख के सवाल का सही जवाब?
25 लाख के लिए अमन बाजपेयी को पूछा गया कि साल 1993 और 1996 के बीच कार्यरत राष्ट्रीय मानव आयोग के पहले अध्यक्ष कौन थे?
1.जस्टिस जे एस वर्मा
2. जस्टिस ए एस आनंद
3. जस्टिस रंगनाथ मिश्रा
4.एम् एन वेंकटचलैया
अमन का ध्यान एम् एन वेंकटचलैया की तरफ जा रहा था लेकिन उन्होंने खेल क्विट करने का फैसला किया। इस सवाल का सही जवाब था जस्टिस रंगनाथ मिश्रा।
अमन साइकोलॉजी में मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे हैं। अमर उजाला से खास बातचीत के दौरान अमन ने केबीसी से जुड़े कई खुलासे और किस्सों को शेयर किया है। चलिए जानते हैं केबीसी में कैसा रहा अमन का सफर। अमन बताते हैं कि सबसे पहले तो उन्हें यकीन ही नहीं हुआ था कि उनका सलेक्शन हो गया है। उन्होंने बताया कि केबीसी की हॉट सीट पर बैठने के लिए चार पड़ावों को पार करना पड़ा।
केबीसी का सबसे सुनहरा पल
केबीसी की हॉट सीट पर बैठने के बाद अमन के लिए सबसे खास पल था, सदी के महानायक के मुंह से अपना नाम सुनना। अमन बताते हैं कि कोरोना के मद्देनजर अमिताभ बच्चन से हाथ मिलाना या पैर छूना मना है। लेकिन मैं खुद को रोक नहीं पाया और मौका मिलते ही इनके पैर छू लिए। अमन ने बताया कि "मेरे पिता का सपना भी अमिताभ जी से मिलने का पूरा हो गया। आज मेरे माता पिता को मुझ पर गर्व है।"
समाज के लिए अहम संदेश
अमर उजाला से बातचीत के दौरान अमन ने बताया कि 'मैं उन तमाम लोगों को संदेश देना चाहता हूं, जो किसी को कमजोर समझते हैं। खासतौर पर उन लोगों को जिनके पास काम नहीं है। हर इंसान में खूबी होती है और एक ना एक दिन वह कामयाब हो ही जाता है।'