कपिल शर्मा ने अपने फैन्स को एक बार फिर निराश किया है।जब से रानी मुखर्जी के साथ शूट कैंसिल हुआ है, उसके बाद से कॉमेडियन ने एक भी नया एपिसोड शूट नहीं किया। ऐसे में संभव है कि बीते रविवार की तरह इस हफ्ते भी कपिल के शो के पुराने एपिसोड का रिपीट टेलीकास्ट होगा।
गेम शो 'फैमिली टाइम विथ कपिल शर्मा' के प्रोड्यूजर खुद कपिल शर्मा हैं। जब भी उनके इस शो का फ्रेश एपिसोड शूट होता है, उनकी टीम सोनी टीवी को इसकी सूचना दे देती है। मगर 'बॉलीवुड हंगामा' की रिपोर्ट के मुताबिक, चैनल वालों को इस हफ्ते कपिल शर्मा की तरफ से नए एपिसोड को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है।
इसी बीच खबर यह भी है कि शो 'फैमिली टाइम विथ कपिल शर्मा' की को-होस्ट नेहा पेंडसे ने भी शो छोड़ दिया है। वह कलर्स के शो 'एंटरटेनमेंट की रात सीजन 2' की शूटिंग कर रही हैं। इसकी शूटिंग चित्राथ स्टूडियो में चल रही है। इसके अलावा वह सब टीवी के शो 'पार्टनर्स: ट्रबल हुई डबल' में भी 'चमको' का किरदार निभाती दिखेंगी। माना जा रहा है कि कपिल शर्मा के शो की शूटिंग लगातार कैंसिल होने की वजह से नेहा ने शो छोड़ने का फैसला किया।
बताया जा रहा है कि शो के होस्ट कपिल डिप्रेशन से गुजर रहे हैं और शूटिंग के लिए सेट पर नहीं जा पा रहे हैं। उनके पुराने शोज की क्रियेटिव डायरेक्टर रह चुकीं और एक्स गर्लफ्रेंड प्रीति सिमोस ने खुलासा किया है कि कपिल की मानसिक हालत ठीक नहीं है। प्रीति ने कहा, 'यह सिजोफ्रेनिया भी हो सकता है। उन्हें सुसाइड के ख्याल आ रहे हैं। वह काफी बदल गए हैं। जब भी बात करतें हैं तो विषय बदल देते हैं।'
गौरतलब है कि 25 मार्च को लॉन्च हुए कपिल शर्मा के शो का चौथा एपिसोड रविवार रात 7 अप्रैल को प्रसारित होना है। इसके लिए रानी मुखर्जी शो के साथ एपिसोड शूट करना था। मगर कपिल शर्मा ने रानी मुखर्जी को दो घंटे इंतजार कराने के बाद शूटिंग कैंसिल कर दी। एक्ट्रेस अपनी फिल्म 'हिचकी' के प्रमोशन के लिए सोनी टीवी के इस गेम शो में आने वाली थीं। इससे पहले खबर आई थी कि उन्होंने टाइगर श्रॉफ के साथ भी शूटिंग कैंसिल कर दी थी।