इंडियन आइडल टेलीविजन पर प्रसारित होने वाला एक ऐसा सिंगिंग रियलिटी शो है जिसे दर्शक बहुत पसंद करते हैं। साल 2004 में शुरू हुआ ये शो अपने हर नए सीजन के साथ प्रशंसकों का दिल जीतता आया है। इस सिंगिंग शो का लोगों में जबरदस्त क्रेज है। इस शो को लगातार देखने के साथ-साथ इसमें भाग लेने वाले अपने पसंदीदा प्रतियोगी सिंगर का समर्थन करने से कभी पीछे नहीं रहते और सोशल मीडिया पर अपनी राय देते हैं। लेकिन इस साल इंडियन आइडल 12 कई कारणों से सुर्खियों में रहा है। चाहे वो जज का शो से अचानक गायब होना हो या फिर इस रियलिटी शो पर सवाल खड़े होना। अगर इस शो को चाहने वाले प्रशंसकों को जज का कोई निर्णय पसंद नहीं आता, तो वो सोशल मीडिया पर उनके फैसले की आलोचना करने से बिलकुल नहीं कतराते।
इंडियन आइडल 12: फैंस से जमकर मिली तारीफ, यूट्यूब पर हिट हुए इन प्रतियोगियों द्वारा गाए गाने
अरुणिता कांजीलाल द्वारा गाए 'सत्यम शिवम सुंदरम' गाने को मिले 54 मिलियन व्यूज
अरुणिता इंडियन आइडल 12 के सबसे बेहतरीन प्रतिभागियों में से एक हैं। उनके द्वारा गाए गाने यूट्यूब पर छाए हुए हैं। महान गायिका लता मंगेशकर के गाने गाना सरल बात नहीं। अरुणिता ने एक एपिसोड में दिग्गज सिंगर लता मंगेशकर द्वारा गाए गाने 'सत्यम शिवम् सुंदरम' को अपनी आवाज में गाया। उनकी आवाज में ये गाना तीनों जजों को इतना अधिक पसंद आया कि उन्होंने खड़े होकर अरुणिता की सरहाना की। शो के जज के साथ-साथ दर्शकों को भी उनका ये गाना बहुत लुभाया और यही वजह है कि अब तक यूट्यूब पर 54 मिलियन से ज्यादा बार लोग इस गाने को देख चुके हैं।
पवनदीप द्वारा गाए गाने 'शायद' और 'तेरी मिट्टी' ने चलाया जादू
पवनदीप राजन द्वारा अपने ऑडिशन में गाए 'लव आज कल 2' के गाने 'शायद' को यूट्यूब पर आज भी लोग लगातार देखते हैं। इंडियन आइडल 12 आज के समय में एक ऐसे पड़ाव पर है जहां इस शो में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के बीच प्रतियोगिता बहुत अधिक बढ़ गई है। ऐसे में पवनदीप इस सीजन के ऐसे प्रतिभागी हैं, जिन्होंने दिल को सुकून देने वाली अपनी आवाज और गानों से दर्शकों का दिल जीता है। पियानो के साथ गाए उनके गाने 'शायद' को अब तक यूट्यूब पर 31 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं। उनके द्वारा गाए अक्षय कुमार की फिल्म 'केसरी' के गाने 'तेरी मिट्टी' को अब तक 27 मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है।
अरुणिता और पवनदीप ने 'कह दूं तुम्हें' पर दिया था जबरदस्त प्रदर्शन
जब दो बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले लोग साथ आते हैं तो सिंगिंग मंच पर उनके गानों से मंत्रमुग्ध होना तो तय है। इंडियन आइडल 12 के मंच पर भी जब अरुणिता और पवनदीप साथ आए तो उन्होंने जबरदस्त प्रदर्शन किया। यूट्यूब पर उनकी जोड़ी की बहुत सरहाना हुई और उनकी वीडियो पर लाइक्स और कमेंट्स की बाढ़ आ गई। इन दोनों ने साथ में 'कह दूं तुम्हें' रोमांटिक गाने पर परफॉर्म किया था, जहां नीतू कपूर ने आकर अपने डांस से इनका हौसला बढ़ाया था। इस वीडियो को यूट्यूब पर 25 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं।
अरुणिता और सायली कांबले के गाने 'मन क्यों बहका' को मिला खूब प्यार
जब भी कोई प्रतियोगी महान गायकों के गानों पर परफॉर्म करता है, तो वो अपने शब्दों और आवाज को लेकर अधिक सजग हो जाता है। इसका एक बड़ा कारण ये है कि इस सीजन में जब भी किसी महान संगीतकार का गाना गाया और वो अगर दर्शकों को पसंद नहीं आया तो उन्हें सोशल मीडिया पर लोगों की खूब आलोचना झेलनी पड़ी। लेकिन अरुणिता और सायली के साथ ऐसा नहीं है। अरुणिता और सायली ने रेखा स्पेशल एपिसोड में लता जी और आशा भोसले द्वारा गाए गाने 'मन क्यों बहका' गाना गाया। इस प्रदर्शन को देखने के बाद ये कहना बिलकुल गलत नहीं होगा कि इस युवा जोड़ी ने इस गाने के साथ पूरा न्याय किया। इस गाने को 20 मिलियन लोग अब तक देख चुके हैं।