उत्तर भारत के तमाम राज्यों में में गौना एक ऐसी प्रथा रही है जिसमें कम उम्र में शादी के बाद जब लड़की सयानी हो जाती है तब उसे ससुराल भेजा जाता है। यह तब होता था जब लड़कियों की शादी बहुत ही कम उम्र में हो जाती थी। घीरे-धीरे जैसे शादी के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी और लड़की की शादी की उम्र होने के बाद शादियां होने लगी तो प्रथा धीरे - धीरे कम होती गई। फिर भी वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को अब शगुन के तौर मनाया जाता है और शादी के समय ही इस रस्म को भी पूरा कर लिया जाता है। गौना की इसी परम्परा पर शेमारू उमंग पर एक नया शो 'गौना एक प्रथा' आने वाला है।
Gauna Ek Pratha: शिवभक्त गहना की आत्मशक्ति का बड़ा इम्तिहान, शेमारू उमंग पर नया धारावाहिक 'गौना एक प्रथा'
धारावाहिक 'गौना एक प्रथा' मुख्य रूप से गहना के इर्द गिर्द घूमती है, जिसकी शादी बचपन में तब हो गई जब उसे ठीक से यह नहीं पता कि शादी क्या होती है। बड़े होने के बाद जब उसे पता चलता है कि जिससे उसकी शादी बचपन में हुई थी, उसके जिंदगी में तो कोई और है। लेकिन गहना शादी के बाद होने वाली गौना की प्रथा को पूरा करने को लेकर प्रतिबद्ध है, लेकिन इसके लिए उसे कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
इसे भी पढ़ें- Neerja: एक्ट्रेस काम्या पंजाबी के नए टीवी शो 'नीरजा' के सेट पर घुसा तेंदुआ, मचा हंगामा
धारावाहिक 'गौना एक प्रथा' में गहना की भूमिका निभा रही अभिनेत्री कृतिका देसाई कहती हैं, 'मैं बहुत खुश हूं कि मुझे गहना का किरदार निभाने का मौका मिला जो बहुत दृढ़ और ताकतवर है। यह एक ऐसा किरदार है जो प्रेम, त्याग और लचीलेपन की जटिलताओं को उजागर करता है। मैं गहना की जीवन यात्रा को पर्दे पर लाने के लिए रोमांचित हूं और मुझे विश्वास है कि दर्शक उसके जीवन में आने वाले संघर्ष और उनकी भावनाओं से जुड़ेंगे। गहना के जीवन को गहराई से समझना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। गहना शिवभक्त है और मैं खुद भी बहुत बड़ी शिवभक्त हूं। बचपन में मेरी दादी ने मुझे सिखाया था कि शिव मंदिर में जाकर कैसे शिवजी को जल अर्पण करते हैं। तभी से मैं नियमित रूप से शिव मंदिर जाती हूं।'
अभिनेता रोहित पुरोहित 'गौना एक प्रथा' में गौरव की भूमिका निभा रहे हैं। वह कहते हैं, 'यह एक ऐसा किरदार है जो त्याग और अपने सपनों की खोज के बीच आने वाली जटिलताओं को उजागर करता है। गौरव छोटे शहर का है, लेकिन उसके सपने बड़े हैं। छोटे शहर में रहकर बड़े सपने देखना बहुत बड़ी बात होती है। मैंने इस किरदार के जरिए उस सपने को जिया है। मैं खुद भी छोटे शहर से हूं, इसलिए गौरव की भूमिका को अपने काफी करीब महसूस करता हूं। मैं गौरव की आकांक्षाओं को पर्दे पर जीवंत करने के लिए उत्सुक हूं और मुझे विश्वास है कि दर्शक उनकी यात्रा से जुड़ेंगे।'
अभिनेत्री पार्वती सहगल इस शो में उर्वशी की नकारात्मक भूमिका निभा रही हैं। वह कहती हैं, 'उर्वशी का किरदार ऐसा है जो अपने करियर में आगे बढ़ाना चाहती है। यह बहुत ही बोल्ड और स्ट्रांग किरदार है। घर में उसे अपने पिता से बहुत प्यार मिला, लेकिन लोगों के प्रति उसका नजरिया अच्छा नहीं है। इस तरह के किरदार को निभाना एक कलाकार के लिए हमेशा से एक सुनहरे अवसर के समान है।'