शानदार अदाकारी का जिक्र जब भी होता है तो ऐसा हो ही नहीं सकता कि संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' में काम करने वाले कलाकारों रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और शाहिद कपूर का नाम ना आए। कुछ टीवी कलाकार तो अपने किरदारों को निभाने के लिए इन किरदारों से अदाकारी की प्रेरणा लेते हैं। अभिनेता धीरज धूपर भी उन्हीं कलाकारों में से एक हैं। उन्होंने इस फिल्म के कलाकारों से प्रेरणा लेकर ही रचा है आकेश का किरदार।
एकता कपूर ने पांचवीं बार बजाई सुपरहिट बीन, इन दो सितारों के साथ लौट रही छोटे परदे की जहरीली 'नागिन'
अलौकिक शक्तियों वाला टीवी का चर्चित धारावाहिक 'नागिन' अपने पांचवें सीजन के साथ 9 अगस्त से वापस लौट रहा है। इस बार कहानी नई होगी और कलाकार भी नए हैं। इन्हीं कलाकारों में एक हैं धीरज जो किरदार निभा रहे हैं इस शो के खलनायक आकेश का। और इस किरदार को निभाने की प्रेरणा धीरज ने ली है फिल्म 'पद्मावत' के किरदारों से। शुक्रवार को एकता कपूर के इस धारावाहिक की लॉन्चिंग के लिए एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया जिसमें इस शो में काम कर रहे सभी कलाकार मौजूद रहे।
एक सवाल के जवाब में धीरज ने बताया, 'जब मुझे यह किरदार ऑफर हुआ तो सबसे पहले मैंने कुछ फिल्में देखीं जिसमें से फिल्म 'पद्मावत' एक है। मैं यह नहीं कहता कि यह किरदार इस फिल्म के किसी किरदार से मेल खाता है। लेकिन, वहां से मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला। एक विलेन के हावभाव और चाल ढाल का मैंने वहीं से विश्लेषण किया है। इसके अलावा अगर कोई इस किरदार को तैयार करना चाहता है तो 'नागिन' के पिछले सीजन को उठा कर देख ले। मुझे लगता है कि दर्शकों को मेरा यह अवतार जरूर पसंद आएगा।'
इस शो में मुख्य भूमिका निभा रही अभिनेत्री हिना खान इससे पहले एकता कपूर के मशहूर धारावाहिक 'कसौटी जिंदगी की' में कोमोलिका का किरदार निभा चुकी हैं और तभी से उनकी लालसा बढ़ गई है एक खलनायिका बनने की। इसी सवाल के जवाब में धीरज की बात आगे बढ़ाते हुए हिना ने कहा, 'इस शो में कोई भी किरदार निभाना किसी भी कलाकार के लिए बहुत बड़ी बात है। लेकिन, एक कलाकार के तौर पर व्यक्तिगत रूप से अगर मुझसे पूछा जाए तो मैं यह शो में आकेश का किरदार ही निभाना चाहूंगी। दरअसल, इस किरदार में बहुत राज छुपे हुए हैं जिसको निभाने में एक कलाकार को बहुत मजा आएगा। इस तरह के किरदार ही एक कलाकार को काम और मजा दोनों दिलाते हैं।'
इसी दौरान हिना ने इस शो में अपना किरदार मिलने की कहानी भी बताई। उन्होंने कहा, 'वैसे तो मैं टीवी से थोड़ी दूरी बना चुकी हूं लेकिन जब एकता कपूर का शो हो तो किसी भी कलाकार की इतनी हिम्मत कहां कि वो उन्हें न बोले दे। दरअसल, वह किसी किरदार को करने के लिए पूछती नहीं, बल्कि कहती हैं। और वैसे भी वह मेरी दोस्त हैं और मैं उनकी बहुत इज्जत भी करती हूं। इसलिए मैं इसके लिए मना नहीं कर पाई।'
शो में ऋदय की भूमिका निभा रहे अभिनेता मोहित मल्होत्रा ने अब तक इस शो की शूटिंग का अपना अनुभव साझा करते हुए बताया, 'माहौल एकदम नया है और उस हिसाब से सीखने के लिए भी बहुत कुछ मिल रहा है। यह एक काल्पनिक धारावाहिक है और इसमें स्पेशल इफेक्ट्स और वीएफएक्स का काम बहुत ज्यादा है। चीजें एकदम नई हैं और एक कलाकार के रूप में सीखने के लिए बहुत मौके हैं। यह कुछ ऐसा भी है जो मैंने पहले कभी नहीं किया है तो अभी तक का अनुभव बहुत अच्छा रहा।'
इस शो की निर्माता एकता कपूर प्रेस कांफ्रेंस में मौजूद तो नहीं रहीं लेकिन एक वीडियो के जरिए उन्होंने अपने इस शो के दर्शकों को एक संदेश जरूर दिया है। उन्होंने कहा, 'हमने पांच साल पहले अपने इस चर्चित शो 'नागिन' की शुरुआत की थी। तब से हमें दर्शकों से बहुत प्यार मिला है। और अब हम इसका पांचवां सीजन लेकर आ गए हैं। यह कहानियां कुछ ऐसी हैं जो हम बचपन से सुनते आ रहे हैं। यह हमारी मूल से जुड़ी हुई कहानियां हैं। हर बार की तरह इस सीजन की कहानी भी एकदम नई है और उसके कलाकार भी एकदम ताजा हैं। आशा है कि यह सीजन भी दर्शकों से उतना ही प्यार पाएगा।'
पढ़ें: जब रिया चक्रवर्ती ने बताया था महेश भट्ट को सबसे ज्यादा ऊर्जावान, हाथों में हाथ डाले आए थे दोनों नजर