मीडिया में अच्छे कामों पर खबर बनने की बजाय जबसे ट्रोल्स हेडलाइन बनने लगे हैं, फिल्मी सितारों ने इनसे निपटने के लिए दूसरे तरीके अपनाने शुरू कर दिए हैं। देश में सक्रिय अलग अलग वाटरआर्मी के सदस्य पैसे लेकर मशहूर सितारों को ट्रोल कर रहे हैं। मुंबई की साइबर क्राइम पुलिस ने अब ऐसे लोगों की लिस्ट बनानी शुरू की है जो इन ट्रोल्स की मदद करते हैं। पुलिस ने ये कदम अभिनेत्री देवोलीना की उस शिकायत के बाद उठाया है, जिसमें उन्होंने इन ट्रोल्स की पहचान करने और इन्हें सजा दिलाने की मांग की है।
मुंबई पुलिस ने शुरू की ट्रोल्स के मददगारों की तलाश, देवोलीना की शिकायत पर खंगाले जा रहे सोशल मीडिया अकाउंट
देवोलीना को हाल ही में सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया। उन्होंने सिद्धार्थ शुक्ला और शहनाज गिल के रिलीज हुए एक नए गाने पर कमेंट करते हुए लिखा था कि वीडियो में सिद्धार्थ और शहनाज के बीच कोई तालमेल नहीं है। इसके बाद शहनाज और सिद्धार्थ के प्रशंसकों ने देवोलीना को जली कटी सुनाना शुरू कर दीं। एक ट्रोलर ने तो एक ऑडियो क्लिप पोस्ट करके देवोलीना और उनकी मां को गंदी-गंदी गालियां दीं। जिसके बाद देवोलीना ने उस ट्रोलर के खिलाफ साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई है।
देवोलीना भट्टाचार्जी ने इस बीच सिद्धार्थ के ही साथ म्यूजिक वीडियो करने की भी हामी भरी है। एक इंटरव्यू में देवोलीना ने कहा कि अगर उन्हें सिद्धार्थ शुक्ला संग म्यूजिक वीडियो में काम करने का ऑफर मिला, तो वे जरूर करना चाहेंगी। उन्होंने हंसते हुए जवाब दिया, 'मैं इस बारे में तब बात करूंगी जब मैं सिद्धार्थ शुक्ला के साथ लाइव चैट करूंगी। हम साथ में ट्रोल होंगे। लेकिन मुझे सिद्धार्थ संग काम करने में कोई दिक्कत नहीं है।'