बिग बॉस 12 के तीसरे हफ्ते के दूसरे वीकेंड का वार में बहुत जबरदस्त माहौल देखने को मिलेगा। दरअसल, आज रात 7 अक्टूबर के शो में घर में पोल डांस होगा। इस दौरान टीवी एक्ट्रेस नेहा पेंडसे पोल डांस कर घर में गजब ढाती नजर आएंगी। साथ ही अनूप जलोटा घर में पोल बनेंगे और जसलीन और भारती उनके इर्द गिर्द नाचती नजर आएंगी।
बता दें कि टीवी एक्ट्रेस नेहा पेंडसे पोल डांस में एक्सपर्ट हैं और उन्होंने अपना यह हुनर बिग बॉस के घर में बखूबी दिखाया। उनके पोल डांस से प्रेरित होकर जसलीन और कॉमेडियन भारती सिंह भी खुद को रोक ना सकीं और अनूप को पोल बनाकर दोनों ने जमकर डांस किया। बता दें कि आज रात कॉमेडियन भारती सिंह शो में बतौर मेहमान नजर आएंगी।
इससे पहले बिग बॉस सीजन 5 में सनी लियोनी ने भी घरवालों के सामने पोल डांस कर सबकी आंखें खोलकर रख दी थी। लेकिन आपको बता दें कि नेहा ने शो में आने से पहले भी अपने एक पोल डांस की वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर की थी जिसे सनी लियोनी की वीडियो से जोड़कर देखा जा रहा था।
बिग बॉस के घर में 20वें दिन नेहा को घर में इस हफ्ते का सबसे बड़ा गुनहगार साबित कर उन्हें टॉर्चर रूम में भेजा गया जहां उनको बिग बॉस की नाक के नीचे बैठाकर जलील किया गया। इस दौरान नाक के जरिए उनके ऊपर तरल पदार्थ गिराया गया। दरअसल, यह उनके इस हफ्ते घर में गुनहगार साबित होने की सजा थी।
आखिर में आपको बता दें कि इस हफ्ते घर से बेघर होने के लिए श्रीसंथ, करणवीर बोहरा, सृष्टि रोडे और अनूप-जसलीन की जोड़ी नॉमिनेट हुई है। लेकिन माना जा रहा है कि इस हफ्ते इन नॉमिनेट सदस्य में से कोई भी बेघर नहीं होगा। हालांकि अनूप को सीक्रेट रूम में जरूर भेजा जाएगा।