देशभर में कोरोना की लहर एक बार फिर बढ़ रही है और मनोरंजन जगत के सितारे इसकी चपेट में आ रहे हैं। हाल ही में बिग बॉस 14 की एक्स कंटेस्टेंट निक्की तंबोली भी शुक्रवार की सुबह कोरोना संक्रमण का शिकार हो गईं। कोरोना पॉजिटिव होने पर बीएमसी ने उन्हें घर में ही क्वारंटीन किया है। निक्की ने खुद इस बात की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की है।
कोरोना की चपेट में आईं बिग बॉस 14 की कंटेस्टेंट निक्की तंबोली, कहा- संपर्क में आए लोग करा लें टेस्ट
निक्की ने फैंस को जानकारी देते हुए लिखा, 'मुझे आज सुबह कोरोना पॉजिटिव पाया गया है और मैं सेल्फ क्वारंटीन में हूं। डॉक्टरों की सलाह पर मैं दवाएं ले रही हूं। बीते कुछ दिनों में जितने भी लोग मेरे संपर्क में रहे हैं उनसे मैं अपील करती हूं कि वो भी अपना टेस्ट करा लें'।
आगे उन्होंने लिखा, 'मैं हमेशा आपके प्यार और साथ की शुक्रगुजार रहूंगी। कृपया सुरक्षित रहें, मास्क पहने, हाथों को सैनिटाइज करते रहे, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते रहें और खुश रहें'। बता दें कि बॉलीवुड और टीवी के बहुत से सितारे अब तक कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।
कुछ समय पहले ही नीतू कपूर ने जानकारी दी थी कि रणबीर कपूर करोना संक्रमित हो गए हैं। इसके चलते रणबीर ने खुद को घर में क्वारंटीन किया हुआ है। रणबीर कपूर के अलावा वरुण धवन, सतीश कौशिक, निर्देशक आनंद एल राय, कृति सेनन, अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन, एस एस राजामौली, अर्जुन कपूर, मलाइका अरोड़ा जैसे सितारे भी कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। वहीं अब निक्की ने भी खुद को क्वारंटीन कर लिया है।
बता दें कि निक्की तंबोली बिग बॉस के 14वें सीजन में अपनी परफॉर्मेंस के लिए काफी चर्चा में रही थीं। कई सारे कंटेस्टेंट को पछाड़ते हुए वो फिनाले के एपिसोड तक पहुंचने में भी कामयाब हुई थीं। हालांकि वो इस सीजन का खिताब अपने नाम नहीं कर पाईं, लेकिन उनके गेम खेलने के तरीके को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।