एक्टर जयदीप अहलावत बॉलीवुड के जाने-माने कलाकार हैं। उन्होंने कम उम्र में ही रंगमंच के जरिए एक्टिंग शुरू कर दी थी। एक्टर ने अपने करियर के दौरान कई बेहतरीन फिल्में कीं, लेकिन वेब सीरीज 'पाताल लोक' उनके करियर के लिए टर्निंग प्वाइंट साबित हुई। 'पाताल लोक' में जयदीप ने 'हाथीराम' का किरदार निभाया। अपनी एक्टिंग से लोगों को प्रभावित करने वाले जयदीप का जन्म आठ फरवरी को हुआ था। इस बात को बहुत कम लोग जानते हैं कि 'हाथीराम' यानी जयदीप एक्टर बनना नहीं, बल्कि सेना में भर्ती होना चाहते थे। जयदीप ने इसके लिए कई परीक्षाएं भी दीं, लेकिन सफल नहीं हो पाए। इसके बाद वह पंजाब और हरियाणा में स्टेज परफॉर्मेंस देने लगे। एफटीआईआई पुणे से पढ़ाई खत्म करने के बाद जयदीप साल 2008 में मुंबई चले गए, जहां फिल्मों में काम करने के लिए उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा। सबसे पहले उन्हें 'नरमीन' नाम की शॉर्ट फिल्म में काम करने का मौका मिला। इसके बाद उन्होंने अजय देवगन स्टारर फिल्म 'आक्रोश' में छोटा-सा किरदार निभाया था।
Jaideep Ahlawat: हरियाणा के जयदीप ऐसे बने 'पाताल लोक' के 'हाथीराम', लंबे संघर्ष के बाद मिला बड़ा मुकाम
साल 2010 में आई प्रियदर्शन की फिल्म 'खट्टा मीठा' जयदीप के लिए लकी साबित हुई। इस फिल्म में उन्होंने भ्रष्ट राजनीतिज्ञ संजय राणा का किरदार निभाया। फैंस ने उनके इस किरदार को काफी पसंद किया। इसके बाद इम्तियाज अली की फिल्म 'रॉकस्टार' में जगदीप ने कैमियो भी किया। साल 2011 में आई हिस्टोरिकल वॉर ड्रामा फिल्म 'चिट्टागोंग' में उन्होंने 'अनंत सिंह 'का रोल प्ले किया, लेकिन जयदीप के करियर को उड़ान सही मायने में अनुराग कश्यप की फिल्म 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' से मिली। इस फिल्म में उनके दमदार अभिनय ने लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा।
साल 2013 में उन्हें तमिल सुपरस्टार कमल हासन के साथ काम करने का मौका मिला। जयदीप ने फिल्म 'विश्वरूपम' में दमदार अभिनय किया। इस फिल्म में वह जिहादी 'सलीम' बने। वहीं, फिल्म के सीक्वल 'विश्वरूपम 2' में भी वह अपना पुराना किरदार निभाते नजर आए। फिल्म 'कमांडो- ए वन मैन आर्मी' में जयदीप विलेन बने। इस फिल्म में उनका एक अनोखा रूप देखने को मिला। 'कमांडो- ए वन मैन आर्मी' में उन्होंने 'अमृत' का किरदार निभाया था।
जयदीप ने साल 2015 में आई एक्शन ड्रामा फिल्म 'गब्बर इज बैक' में अक्षय कुमार, श्रुति हासन, सुमन तलवार और सुनील ग्रोवर के साथ भी काम किया। इस फिल्म में जयदीप ने सीबीआई अफसर 'कुलदीप पाहवा' का किरदार निभाया, जिसे लोगों ने काफी सराहा।
'हाथी राम चौधरी' ने जीता सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्मफेयर ओटीटी अवॉर्ड
साल 2020 में आई वेब सीरीज 'पाताल लोक' में जयदीप ने 'हाथीराम चौधरी' का किरदार निभाया। इस सीरीज में एक्टर पुलिस वाले के किरदार में नजर आए थे। सीरीज में उनके दमदार किरदार के लोग कायल हो गए। इस रोल के लिए उन्होंने ड्रामा सीरीज की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्मफेयर ओटीटी अवॉर्ड भी जीता।