अमेरिकी कॉमिक्स बुक्स की डीसी कॉमिक्स द्वारा प्रकाशित एक काल्पनिक सुपरहीरो है सुपरमैन। हालांकि 'सुपरमैन' किसी कॉमिक्स का किरदार भर ही नहीं रहा। बहुत से लोगों के लिए वह उनका बचपन है। सुपरमैन यानी हवा में उड़ने वाला एक हीरो जो अन्याय के प्रति लड़ता है और दुनिया को विनाश से बचाता है। लाल नीले चुस्त कपड़ों में हवा में उड़ता, भारी भरकम चीजों को हथेली पर उठा लेने वाला ये सुपरमैन जल्द ही बच्चों से लेकर बड़े बड़ों का हीरो बन गया। लेकिन इस सुपरमैन को लेकर कुछ ऐसी अफवाहें फैलाई गई कि एक समय इस किरदार को निभाने के लिए कोई एक्टर तैयार ही नहीं होता था क्योंकि सुपरमैन का किरदार निभाने वाला हर वो शख्स या तो बर्बाद हो गया या फिर इस दुनिया में ही नहीं है।
'सुपरमैन' का किरदार निभाने वालों की चली जाती है जान, क्या 'श्राप' के चलते मनहूस है यह किरदार?
सुपरमैन का कॉमिक बुक कैरेक्टर ही नहीं, बल्कि टीवी के साथ-साथ सुपरहीरो के मोशन पिक्चर में सुपरमैन श्रापित माना जाता है। जिन लोगों ने इस किरदार को निभाया उन्हें कुछ अच्छा हासिल नहीं हुआ और यहीं से शुरू हुई सुपरमैन श्राप की कहानी। आइए आज आपको बताते हैं सुपरमैन के किरदार से जुड़ी कुछ हैरान कर देने वाली बातें...
कर्क एलेन
सुपरमैन फिल्मों की शुरुआत साल 1948 से हुई। इस फिल्म में कर्क एलेन पहले सुपरमैन बने। कर्क ने इस फिल्म में सुपरमैन 'जंप' को खूब पॉपुलर किया। सुपरमैन सीरीज की पहली फिल्म तो बेहद पॉपुलर हुई लेकिन इसके बाद कर्क को काम नहीं मिला। निर्देशक उन्हें आम आदमी का किरदार देने में कतराते थे। अपनी आत्मकथा में उन्होंने लिखा था कि किस तरह सुपरमैन के किरदार ने उनका जीना मुश्किल कर दिया था।
जॉर्ज रीव्स
सुपरमैन के किरदार को लेकर एक मिथक प्रचलित है। कहा जाता है कि सुपरमैन के किरदार को निभाने वाले एक्टर्स हमेशा नुकसान में ही रहते हैं। आलम ये है कि सुपरमैन श्राप की वजह से कोई भी अभिनेता इस रोल को निभाना नहीं चाहता। इस रोल के निभाने वाले दूसरे एक्टर जॉर्ज रीव्स ने खुद को गोली मार ली। उन्होंने ऐसा क्यों किया ये आज भी एक रहस्य है लेकिन लोग इसे सुपरमैन श्राप से जोड़कर देखते हैं।
क्रिस्टोफर रीव्स
जॉर्ज रीव्स के निधन के बाद सुपरमैन का किरदार गर्त में जाने लगा लेकिन टीवी के माध्यम से इस किरदार ने एक बार फिर लोगों तक अपनी पहुंच बनाई। सुपरमैन बनने वाले तीसरे एक्टर क्रिस्टोफर रीव्स एक बार फिर सुपरमैन: द मूवी में अपने किरदार से रातों रात हिट हो गए। लेकिन फिर कुछ ऐसा हुआ जिसने सभी को हैरान कर दिया। दरअसल घुड़सवारी में माहिर क्रिस्टोफर रीव्स घोड़े से गिरकर पैरालाइज्ड हो गए और साल 2004 में उनकी मौत हो गई। इतना ही नहीं सुपरमैन फिल्म में सुपरमैन के पिता का किरदार निभाने वाले मार्लन ब्रैंडो का जीवन भी कठिनाइयों से भरा हुआ रहा।