टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक 'कुमकुम भाग्य' में आर्यन का किरदार निभा रहे अभिनेता जीशान खान इस इंडस्ट्री में कुछ बदलाव देखना चाहते हैं। एक इंटरव्यू के दौरान जीशान ने अपने साथ हुई कुछ घटनाओं को याद किया। साथ ही उन्होंने यह इच्छा जताई है कि इस चकाचौंध भरी दुनिया से कास्टिंग काउच और भेदभाव जैसी चीजों को फौरन निकाल कर फेंक देना चाहिए। यह बदलाव अगर होते हैं तो नए कलाकारों को भी कोई दिक्कत नहीं आएगी।
2 of 5
जीशान खान
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
इंटरव्यू के दौरान जीशान ने कहा, 'सबसे पहले मुझे लगता है कि कास्टिंग काउच को इस मनोरंजन जगत से विदा कर देना चाहिए। यह इस इंडस्ट्री का सबसे भयानक सच है। इसे तो यहां पर होना ही नहीं चाहिए। जब मैं इस इंडस्ट्री में बिल्कुल नया था तब मुझे बोला गया कि मैं कुछ भी बड़ा नहीं कर सकता। लोग मुझ पर हंस रहे थे क्योंकि मैंने अपने काम के साथ समझौता करने का उनका ऑफर ठुकरा दिया था। उस घटना से मेरा दिल टूट गया।'
जीशान ने आगे कहा कि इस तरह की घटनाएं लोगों का मनोबल तोड़ देती हैं। कोई अगर अच्छा अभिनेता होगा तो वह आगे बढ़ने की हिम्मत ही नहीं जुटा पाएगा। जीशान कहते हैं कि ऐसी घटना को झेलने के बावजूद उन्होंने खूब मेहनत की और अब वह एक अच्छे मुकाम पर पहुंच गए हैं। दूसरा बदलाव जीशान इस मनोरंजन जगत में देखना चाहते हैं कि यहां लोगों को उनके काम के आधार पर काम मिले, न कि उनकी लोकप्रियता के आधार पर।
जीशान कहते हैं, 'दूसरा बदलाव मैं तो यही देखना चाहूंगा कि लोगों को काम देने से पहले निर्माता यह न देखें कि उनके सोशल मीडिया पर कितने फॉलोअर्स हैं? बेहतर होगा कि वह किसी भी कलाकार की कला को जांचें परखें और तब उन्हें काम दें। अभी जो होता है वह बहुत गलत है क्योंकि कुछ वाकई हुनरमंद कलाकार होते हैं जिनके सोशल मीडिया पर बहुत ज्यादा फॉलोअर्स नहीं होते। लेकिन, कुछ ऐसे लोग भी होते हैं जिनके सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स तो बहुत हैं लेकिन हुनर नहीं है।'
कुछ सालों में सोशल मीडिया से बहुत से कलाकारों ने टीवी धारावाहिकों, म्यूजिक वीडियोज और फिल्मों में एंट्री पाई है। जब से देश में ओटीटी प्लेटफॉर्म्स का आगमन हुआ है उसके बाद से तो नए नए कलाकारों की भरमार है। इनमें से बहुत से कलाकार तो फेसबुक और इंस्टाग्राम से मशहूर हुए हैं तो बहुत से कलाकारों ने शॉर्ट वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म टिक टॉक, शेयर चैट, हेलो, आदि से अपनी पहचान बनाई है। मिस्टर फैजू नाम से मशहूर अभिनेता फैजल शेख, जन्नत जुबैर, अवनीत कौर, अरिष्फा खान, आदि इंटरनेट से ही मशहूर हुए हैं।