'कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा' इस बड़े राज से 28 अप्रैल 2017 को पर्दा उठ गया। लगभग साल भर पहले रिलीज हुई फिल्म 'बाहुबली, द कनक्लूजन' के सफल होते ही इस फिल्म में लीड रोल करने वाले प्रभास को इसका फल मिला। बैंकॉक स्थित प्रतिष्ठित मैडम तुसाद म्यूजियम में उनका मोम का पुतला लगाया गया। इसी के साथ प्रभास साउथ के ऐसे पहले सुपरस्टार बन गए थे, जिनका मोम का पुतला बैंकाक स्थित दुनिया के इस मशहूर म्यूजियम में लगा हो। अब ताजा जानकारी के अनुसार 'बाहुबली' के एक और अहम किरदार को मैडम तुसाद म्यूजियम में जगह मिलने वाली है।
ये कोई और नहीं बल्कि फिल्म 'बाहुबली' के एक और अहम किरदार कटप्पा हैं। कटप्पा का किरदार निभाने वाले एक्टर सत्यराज की मोम की मूर्ती लंदन स्थित म्यूजियम में लगाई जाएगी। रिपोर्ट्स की माने तो सत्यराज 'कटप्पा' के ही किरदार में नजर आएंगे। अपनी मूर्ति लगते ही कटप्पा, देश के पीएम मोदी और बाहुबली में लीड रोल निभाने वाले प्रभास को भी पछाड़ देंगे।
दरअसल, प्रभास, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मोम का पुतला बैंकाक स्थित मैडम तुसाद म्यूजियम में लगाया गया है। जबकि लंदन स्थित मैडम तुसाद म्यूजियम में बहुत से बॉलीवुड सितारों जैसे महानायक अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, सलमान खान, ऋतिक रोशन और ऐश्वर्या राय सरीखे सेलिब्रिटिज के पुतले लगाए जा चुके हैं।
बाहुबली के दूसरे पार्ट यानी 'बाहुबली द कनक्लूजन' साल 2017 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। ये पहली फिल्म थी जिसने 1000 करोड़ की कमाई का आंकड़ा पार किया था। एसएस राजामौली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में प्रभास, सत्यराज के अलावा राणा दुग्गुबती, तमन्ना भाटिया और राम्या कृष्णन और अनुष्का शेट्टी ने अहम किरदार निभाया था।