मॉनसून की पहली दस्तक मुंबई में इस बार आंसुओं की बरसात लाई है। 42 साल कोई उम्र होती है किसी के इतना कष्ट झेलने की। पहले दिल टूटा तो उसकी सर्जरी हुई। फिर गुर्दों में तकलीफ हुई तो उसका इलाज शुरू हुआ। लेकिन, कोरोना! उफ्फ़, इससे ये इलाज भी ना देखा गया और हमेशा सबके साथ हंसते मुस्कुराते रहने वाले वाजिद खान को अपने साथ ले गया, ऊपरवाले की उस महफिल में जहां शायद इरफान अभी ठीक से साज सजा भी ना पाए हों।
2 of 5
प्रीति जिंटा, वाजिद खान
- फोटो : सोशल मीडिया
औपचारिक मुलाकातें तो वाजिद से खूब हुईं लेकिन ये नौ साल पहले की बात है, जब साजिद-वाजिद को मैंने पहली बार एक साथ किसी फिल्म के लिए अपने कंपोज किए गाने की पहली प्रस्तुति देते देखा। फिल्म थी, मिले ना मिले हम। हीरो चिराग पासवान और ये प्रस्तुति दी जा रही थी फिल्म की शूटिंग लोकेशन पर खड़ी वैनिटी वैन में चिराग के पिता और लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष राम विलास पासवान के सामने। साजिद और वाजिद दोनों बीट बॉक्सिंग (मुंह से धुन निकालना) भी कर रहे थे और गाने के बोल भी सुना रहे थे। जीवन की सरगम का हर सुर उनका सही लग रहा था। ऐसे मौकों पर अक्सर वाजिद ही लीड करते क्योंकि गला उनका बहुत साफ था और गाने पर आ जाएं तो अच्छे अच्छे गायकों को मुश्किल में डाल दें।
3 of 5
वाजिद खान
- फोटो : सोशल मीडिया
वाजिद खान के जाने का संदेश दुनिया को सुबह सुबह सोनू निगम ने सुनाया। सोनू निगम को 'सोनू निगम' बनाने में साजिद-वाजिद की जोड़ी का बड़ा हाथ है। इसमें से भी वाजिद की दोस्ती सोनू निगम से इस वजह से भी अच्छी बताई जाती है क्योंकि दोनों गानों में मुरकियां लगाने के बहुत शौकीन रहे। सोनू निगम के करियर के सबसे बड़े हिट एलबम दीवाना में गायिकी की जो भी कारस्तानी सुनने को मिलती है, वह वाजिद का ही कमाल है।
4 of 5
वाजिद खान अपने भाई साजिद के साथ
- फोटो : Social Media
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का जिक्र आते ही वाजिद की आंखें नम हो जाया करतीं। ये उनके पुरखों की जमीन रही है। ग्वालियर घराने के मशहूर तबला वादक उस्ताद शराफत अली खान के संगीत का वारिस बनने का जब वाजिद के सामने मौका आया तो उन्होंने अपने भाई साजिद को साज संभालने को कहा और खुद गायिकी की परवाज पकड़ने लगे। शराफत अली खान ने जो कुछ भी अपने पिता मशहूर सारंगी वादक उस्ताद अब्दुल लतीफ खान से बिरसे में पाया था, वह सब अपनी इन दोनों संतानों पर लुटा दिया। सितार, संतूर और तबला की विरासत पाने वाले वाजिद ने संगीत से शोहरत पाने की कोशिश की सलमान खान से दोस्ती करके।
5 of 5
साजिद, सलमान खान और वाजिद
- फोटो : Social Media
सलमान खान ने हमेशा दोनों भाइयों का अपना छोटा भाई ही समझा और वाजिद पर तो वह कुछ ज्यादा ही मेहरबान दिखते थे। बिग बॉस के टाइटिल म्यूजिक की कंपोजीशन के दौरान दोनों की मस्ती रंग जमाती और दोनों खूब धमा चौकड़ी मचाते हुए गाना कंपोज करते। अपने सलमान भाई के लिए छोटे भाई की तरह काम करते रहे वाजिद। अस्पताल में रहते हुए ही सलमान खान के ईद के दिन रिलीज हुए गाने 'भाई भाई' की धुन के लिए जितना उनसे बन पड़ा, किया। बाकी की संगत अब उनकी ऊपरवाले के यहां अभिनेता इरफान के साथ जमने वाली है, जिनके बगल में जाकर सोमवार की सुबह सुबह वह वर्सोवा कब्रिस्तान में सो गए।
पढ़ें: अनुराग कश्यप ने की नए प्रोडक्शन हाउस की घोषणा, ओटीटी पर रिलीज होगी बैनर की पहली फिल्म