पिछले कुछ दिनों से फिल्म 'वोदका डायरीज' की टीम अपने प्रमोशन के कार्यक्रम में पूरी तरह जुटी हुई है। इसी बीच फिल्म की टीम ने एमेटी स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में पहुंचकर छात्रों के साथ जमकर मस्ती की और कई अच्छी बातें भी शेयर कीं। दरअसल एमेटी स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में 'कॉन्फ्लूएंस 2018' कार्यक्रम का आयोजन किया गया था जिसमें फिल्म 'वोदका डायरीज' की टीम से लीड हीरो केके, एक्ट्रेस राइमा सेन और फिल्म के डायरेक्टर कुशल श्रीवास्तव मौजूद थे।
एमेटी ग्रुप के प्रमुख अशोक चौहान ने तीनों लोगों का स्वागत किया। इस आयोजन में amarujala.com का भी सहयोग रहा। कार्यक्रम में करीब 1000 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे जिन्होंने फिल्म के स्टारकास्ट से जबरदस्त सवाल जवाब किए। एक्टर केके ने बच्चों को नए साल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह क्लासेस मिल ने करें लेकिन इस फिल्म को जरूर देखने जाएं। केके ने कहा कि ये फिल्म दुसरी फिल्मों से कुछ हटकर है और इसे देखकर काफी कुछ अलग सीखने को मिलेगा।
उन्होंने बच्चों का बताया कि वह पॉजिटिव सिनेमा में भरोसा करते हैं और हमेशा ऐसी फिल्में करते रहेंगे। वहीं फिल्म के डायरेक्टर कुशल श्रीवास्तव भी बच्चों के साथ रूबरू हुए। उन्होंने भी सबको इस फिल्म को देखने की गुजारिश की और मुस्कुराते हुए कहा कि पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान दें। फिल्म की एक्ट्रेस राइमा सेन ने भी बच्चों के साथ जमकर मस्ती की।
आपको बता दें कि रहस्य से भरी फिल्म 'वोदका डायरीज' का ट्रेलर कुछ ही दिनों पहले रिलीज हुआ है। ट्रेलर में हर वो मसाला मौजूद है जो किसी सस्पेंस थ्रिलर की जान होती है। ट्रेलर को देखकर पता चलता है कि ये एक मर्डर मिस्ट्री है जिसे सॉल्व करने का जिम्मा एसीपी अश्विनी दीक्षित यानि केके उठाते हैं। फिल्म का प्रोडक्शन विशालराज फिल्म्स ने किया है।
इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाते हुए केके अपनी बीवी भी खो देते हैं और अजीबो गरीब घटनाओं का सिलसिला शुरू हो जाता है। कहानी के मुताबिक फिल्म में एक ही रात में 4 मर्डर होते हैं और सभी मर्डर के पीछे किसी एक शख्स का हाथ है लेकिन ये शख्स कौन है ये देखना काफी दिलचस्प होगा। आपको बता दें कि फिल्म 19 जनवरी 2018 को रिलीज हो रही है जिसका निर्देशन कुशल श्रीवास्तव कर रहे हैं।