फिल्म 'संजू' ने रिलीज होने के तीन दिन के अंदर टिकट खिड़की पर 100 करोड़ रुपये से ज्यादा बटोर लिए। बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई का सिलसिला बदस्तूर जारी है। वीकेंड पर लगभग सारे शो हाउसफुल रहे। फिल्म की स्क्रीनिंग पर तमाम बॉलीवुड स्टार्स उमड़े। मगर फिल्म में अहम किरदार निभाने वाले विकी कौशल कहीं नजर नहीं आए।
फिल्म में तमाम एक्टर्स के अभिनय की तारीफ हो रही है। रणवीर ने जिस तरह संजय दत्त को पर्दे पर पेश किया वह अतुल्य है। मगर मनीषा कोइराला, परेश रावल जैसे सीनियर एक्टर्स के बीच सिर्फ 9 फिल्मों का अनुभव रखने वाले विकी कौशल अपने हिस्से से ज्यादा की लाइमलाइट लूटने में सफल रहे। जिस तरह उन्होंने कमलेश कन्हैयालाल कपासी का किरदार निभाया उसकी हर तरफ तारीफ हो रही है।
इन सबके बीच सबसे हैरानी वाली बात यह है कि विकी कौशल ने खुद अभी तक यह फिल्म नहीं देखी है। वेबसाइट 'बॉलीवुड लाइफ' से बातचीत में एक्टर ने कहा, 'मैंने अभी तक फिल्म नहीं देखी है। मैं सर्बिया में हूं और यहां बॉलीवुड फिल्में रिलीज नहीं होतीं। इसलिए, मैंने अभी तक फिल्म 'संजू' नहीं देखी है।'
गौरतलब है कि विकी कौशल इन दिनों सर्बिया में फिल्म 'उरी' की शूटिंग कर रहे हैं। यह फिल्म भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में किए गए सर्जिकल स्ट्राइक से प्रेरित है। फिल्म में यामी गौतम और टीवी शो 'देवों के देव महादेव' से अपनी पहचान बना चुके मोहित रैना भी नजर आएंगे।
विकी कौशल की हाल ही में रिलीज हुई वेब फिल्म 'लस्ट स्टोरीज', 'लव पर स्क्वेयर फुट' और फिल्म 'राजी' को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली। सितंबर में उनकी फिल्म 'मनमर्जियां' रिलीज होगी। इसमें वह अभिषेक बच्चन और तापसी पन्नू के साथ दिखेंगे।