फिल्म ‘वॉर’ में ऋतिक रोशन के आभा मंडल के साथ फ्रेम दर फ्रेम बराबर दमक बनाए रखने वाली अभिनेत्री वाणी कपूर का अगला इम्तिहान इस बरसात में होने वाला है। अगले महीने के तीसरे शुक्रवार यानी 22 जुलाई को वह बड़े परदे पर खूब कटीली नचनिया बनकर लौटने वाली हैं। वह रामगढ़ से तो नहीं है लेकिन उनका नाता डकैतों से ही बनने वाला है। एक खतरनाक लेकिन रौबदार डाकू और एक डेरा लेकर गांव गांव घूमने वाली नचनिया की इस प्रेम कहानी का नाम है ‘शमशेरा’। निर्देशक करन मल्होत्रा की इस एक्शन फिल्म में रणबीर कपूर के साथ जोड़ी जमाने जा रहीं वाणी कपूर अपनी फिल्म की रिलीज की तैयारियां शुरू हो जाने से बहुत उत्साहित हैं। फिल्म का ट्रेलर तैयार हो चुका है। शुक्रवार को तीन शहरों में एक साथ रिलीज होने जा रहे इस ट्रेलर की पहली झलक जिसने भी देखी है, वह वाणी के किरदार की तारीफ किए बिना नहीं रह पा रहा है।
2 of 5
शमशेरा में वाणी कपूर
- फोटो : सोशल मीडिया
फिल्म ‘शमशेरा’ में वाणी के किरदार पर ज्यादा कुछ किसी ने अब तक कहा नहीं है। ‘अमर उजाला’ को इस बात की एक्सक्लूसिव जानकारी मिली है कि इस किरदार के लिए वाणी ने न सिर्फ बहुत मेहनत की है बल्कि अवध से खास एक ट्रेनर को इस फिल्म में उनके किरदार के संवाद बोलने के प्रशिक्षण के लिए वाणी के साथ लगाया गया। आजादी के पहले की इस कहानी का कनेक्शन उत्तर भारत के उन बागियों से है जिन्हें अंग्रेजों की पुलिस डकैत कहती रही और गांव वाले उनमें भी अपना सहारा तलाशते रहे। अपने किरदार के बारे में वाणी कहती हैं, ‘मुझे खुशी है कि इस फिल्म की रिलीज की तारीख पास आ गई है। ये एक ऐसी कहानी है जो पूरे देश के दर्शकों के दिलों को सीधे छू लेगी। कहानी का रंग और दर्द ऐसा है कि इसके असर से लोग बच नहीं पाएंगे।’
3 of 5
वाणी कपूर
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
अभिनेत्री वाणी कपूर को लोगों ने उनकी पिछली फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ में भी खूब पसंद किया। एक ट्रांसजेंडर के किरदार में वाणी ने दर्शकों और समीक्षकों की खूब वाहवाही लूटी। किरदारों को लेकर अपनी ईमानदारी पर वह कहती हैं, ‘मेरा पूरा फोकस मेरे हाथ में दी गई स्क्रिप्ट पर रहता है। एक बार कहानी चुन लेने के बाद मुझे निर्देशक की कल्पना को परदे पर साकार करना होता है और मैं अपनी हर फिल्म में वही करने की कोशिश करती हूं। मुझे लगता है कि नई पीढ़ी की नायिकाएं भाग्यशाली हैं कि उनके हिसाब से इन दिनों दमदार महिला किरदार खूब लिखे जा रहे हैं। सिनेमा में जो दिखता है, उसका समाज पर असर होता है और समाज में महिलाओं के लिए सकारात्मक जगह बनाने की इस भागीदारी में हम सब साथ साथ हैं।’
4 of 5
वाणी कपूर
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
लौटकर फिल्म ‘शमशेरा’ के किरदार की बात करने वाणी कहती हैं, ‘फिल्म ‘शमशेरा’ मेरे दिल के बहुत नजदीक है। रणबीर ने, संजू बाबा ने सबने इस फिल्म के लिए बहुत मेहनत की है। ये एक खास कालखंड की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म है। इनके किरदारों के बारे में तो मैं ज्यादा कुछ कह पाने की स्थिति में अभी नहीं हूं। लेकिन मुझे पक्का यकीन है कि जैसा उत्साह दर्शकों में फिल्म का पहला पोस्टर देखने के बाद बना है, ट्रेलर देखने के बाद इसके फिल्म देखने की बेचैनी में बदलने में देर नहीं लगेगी। यह फिल्म हर आयु वर्ग के व्यक्ति को पसंद आएगी। फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ के बाद मैं दर्शकों के सामने ऐसी परफॉर्मेंस देना चाहती थी उन्हें फिर से बहुत पसंद आए। मैं पर्दे पर सशक्त भूमिकाएं निभाना चाहती हूं और फिल्म ‘शमशेरा’ में मुझे यह अवसर फिर से मिला है।’
5 of 5
वाणी कपूर
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
ये पूछे जाने पर कि फिल्म ‘शमशेरा’ में उनका किरदार नौटंकी में नाचने वाली का होने की चर्चा रह है। वाणी कपूर शरारतपूर्ण ढंग से मुस्कुराते हुए कहती हैं, ‘इस सवाल के जवाब के लिए तो आपको 22 जुलाई तक का इंतजार करना पड़ेगा। हां मैं ये कह सकती हूं कि इस फिल्म में मैं एक ऐसे परफॉर्मर का किरदार निभा रही हूं जो देखने वालों के दिलों में सीधे उतर जाती है। मुझे कुछ बेहतरीन गानों पर परफॉर्म करने का मौका इस किरदार के जरिये मिला है और मुझे पक्का भरोसा है कि फिल्म के गाने आने वाले दिनों में धमाल मचाने वाले हैं।