सोनम कपूर को जैसे ट्रोल होने की आदत हो गई है। चाहे वह अपने रिश्तेदारों या दोस्तों को बर्थडे विश करें या फिर अलग स्टाइल की ड्रेस। उन्हें ट्रोल करने वालों की कमी नहीं लेकिन सोनम को इससे फर्क नहीं पड़ता है।
यूजर्स उन्हें अनिल कपूर की बेटी होने की दुहाई देते हैं तो कोई उनसे पूछता है कि उन्होंने किस फिल्म में अच्छी एक्टिंग की थी। हाल ही में उन्होंने अरबाज खान के चैट शो में शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने ट्रोलर द्वारा किए गए एक कमेंट पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
अरबाज के शो में सोनम ने अपने से जुड़ा एक कमेंट पढ़ा जिसमें लिखा गया था कि वह फ्लॉप एक्ट्रेस हैं। सोनम ने इस कमेंट का जवाब देते हुए कहा- मुझे नहीं पता कि मेरी आखरी फ्लॉप फिल्म क्या थी। लेकिन आज से 7 साल पहले मेरी ऐसी बेहद कम फिल्में ही थीं जिसके बारे में बात करने को कुछ हो। रांझना फिल्म के बाद से मैंने स्क्रिप्ट पर ध्यान देना शुरू कर दिया।
सोनम ने कहा- मुझे तो ऐसा समय याद नहीं आता है जब मेरी फिल्मों की या मेरे एक्टिंग की बुराई की गई हो। जो लोग जीवन में कुछ पाना चाहते हैं या फिर कुछ पा लिए हैं जमाना उनसे जलता है और उससे ये हजम नहीं होता कि सामने वाला अच्छा कर रहा है।
हालांकि सोनम ने ये भी कहा कि वह इस तरह के कमेंट को सीरियसली नहीं लेती है। उन्होंने कहा- ट्विटर पर मेरे काफी फॉलोअर्स हैं। किसी एक शख्स का कमेंट मेरे लिए मायने नहीं रखता। सोनम इन दिनों दिल्ली में पति आनंद आहूजा के साथ जमकर मस्ती कर रही हैं।