फिल्म जगत के 'शोमैन' कहे जाने वाले दिवंगत अभिनेता, राज कपूर दिलीप कुमार की शादी में घुटनों के बल घंटों नाचते रहे थे। जानिए उन्होंने ऐसा क्यों किया।
पढ़ें:- ...जब भरी पार्टी में राज कुमार से भिड़ गए थे राज कपूर, खूब हुआ था तमाशा
बॉलीवुड में त्रिमूर्ति के नाम से मशहूर दिलीप कुमार, देवानंद और राजकपूर की दोस्ती के कई किस्से मशहूर हैं। दोस्ती की खातिर राजकपूर मुंबई से चेन्नई दौड़े आए थे और सालों पहले किया अपना वादा भी बिना किसी की परवाह किए निभाया था।
त्रिमूर्ति में से दो सुपर स्टार दिलीप कुमार और राजकपूर की दोस्ती से जुड़ा एक वाकया है। दरअसल हुआ ये था कि राजकपूर और देवानंद की शादी काफी पहले हो गई थी। दिलीप कुमार की शादी का क्रेज बाकी दोनों दोस्तों में खूब था। इसी क्रेज के चलते राजकपूर ने दिलीप कुमार की बहन से एक वादा कर दिया।
ये वादा था कि दिलीप कुमार की शादी के वक्त राजकपूर कहीं भी रहेंगे वह जरूर पहुंचेंगे। इससे भी मजेदार उनका दूसरा वादा था कि वह दिलीप कुमार की शादी में घुटनों के बल नाचेंगे।
बस क्या था दिलीप कुमार की शादी तय हो गई। शादी का दिन भी आ गया। राजकपूर को जैसे ही ये पता चला उन्होंने फौरन शादी के दिन की टिकट करा ली। उन दिनों दिलीप कुमार मुंबई में नहीं बल्कि चेन्नई में रहते थे।