आए दिन विवादों में रहने वाली ट्विंकल खन्ना एक बार फिर चर्चा में हैं। एक्टिंग से राइटिंग की ओर आईं एक्टर अक्षय कुमार की पत्नी ट्विंकल ने एक फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। फिर क्या था चंद मिनटों में ही वो ट्रोल होनी शुरू हो गईं। जानिए ट्विंकल को क्यों झेलना पड़ा यूजर्स का गुस्सा....
मंगलवार को ट्विंकल खन्ना ने वोग मैगजीन के लिए फोटोशूट कराया, जिसमें वह किताबों के ढेर पर बैठी नजर आ रही हैं। उनका यह फोटो, फैशन मैगजीन के लिए कराए गए एक फोटोशूट का हिस्सा है। इस फोटो में ट्विंकल खन्ना का पैर एक स्टूल पर रखा हुआ है, जिसे लोगों ने किताबों का ही ढेर समझ लिया है।
ऐसे में लोगों ने किताबों पर पैर रखे जाने के लिए उन्हें जमकर ट्रोल किया है। कई लोगों ने इस फोटो पर अपना गुस्सा जताते हुए कमेंट किए, 'किताबों पर जूतों के साथ बैठने के लिए शर्म आनी चाहिए।' कई लोगों ने अपना गुस्सा यहां जाहिर किया है।
किसी ने उन्हें माता सरस्वती की इज्जत करने की बात कही तो किसी ने यहां तक कह डाला कि, 'राइटर होकर किताबों की इज्जत करनी नहीं आती'। इस ट्रोलिंग के बाद ट्विंकल ने अपनी सफाई में ये भी कहा कि उनका पैर किताब पर नहीं बल्कि एक स्टूल पर रखा है।
'मिसेस फनी बोन्स' और 'द लिजेंड ऑफ लक्ष्मी प्रसाद' किताबें लिख चुकी ट्विंकल खन्ना ट्विटर पर अपने पोस्ट के लिए चर्चा में रहती हैं, कुछ दिनों पहले ही करवाचौथ पर किया गया उनका ट्वीट भी चर्चा में रहा था।