राज कपूर की फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' आज ही के दिन 1985 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म की हीरोइन मंदाकिनी को इस फिल्म में किए गए बोल्ड सीन्स की वजह से हमेशा याद किया जाता है। उन्होंने फिल्म में गंगा नाम की पहाड़ी लड़की का किरदार निभाया था जिसे शहरी लड़के से प्यार हो जाता है। अपने प्यार को पाने के लिए गंगा को किस-किस मुसीबतों से गुजरना पड़ता ही फिल्म इसी पर आधारित थी। आइए #Throwbackthursday में आज बात करते हैं राज कपूर के निर्देशन में बनी फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' की।
25 जुलाई 1985 में रिलीज हुई फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' में राजीव कपूर के अपोजिट मंदाकिनी थीं। लेकिन क्या आप जानते हैं 'राम तेरी गंगा मैली' से डेब्यू करने वाली मंदाकिनी, गंगा के रोल के लिए राज कपूर की पहली पसंद नहीं थी। राज कपूर ने पहले संजना कपूर को लॉन्च करने का प्लान किया था। बाद में गंगा के रोल के लिए डिम्पल कपाड़िया का भी स्क्रीन टेस्ट लिया गया। आखिरकार ये रोल मेरठ की रहने वाली यास्मीन जोसेफ यानी की मंदाकिनी के हिस्से आया।
जिस दौर में ये फिल्म रिलीज हुई उस वक्त ऐसे बोल्ड सीन देना आम बात नहीं मानी जाती थी लेकिन राज कपूर की फिल्म थी और लड़की थी मंदाकिनी जिसकी ये पहली फिल्म थी। काफी बवाल हुआ। आलोचकों ने इस फिल्म के कई सीन्स पर आपत्ति जताई। इतना तक कहा गया कि राजकपूर अपनी फिल्मों में नग्नता और अश्लीलता परोसते हैं लेकिन उस वक्त राजकपूर का एक ही जवाब था।
राजकपूर ने कहा था अगर फैडरीको फैलिनी (इटैलियन फिल्म मेकर) अपनी फिल्म Amarcord में न्यू़ड महिलाएं दिखाते हैं तो उसे आर्ट कहा जाता है और वो फिल्म फेस्टिवल्स में अवॉर्ड भी जीतती है लेकिन अगर मैं अपनी फिल्मों में कुछ ऐसा दिखाने की कोशिश करता हूं उसे शोषण और अश्लील कहा जाता है। हालांकि मंदाकिनी को कभी भी इस सीन को करने का पछतावा नहीं रहा।
22 साल की मंदाकिनी ने पर्दे पर बोल्ड सीन कर सबको हैरान कर दिया था। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में बेस्ट एक्ट्रेस का नॉमिनेशन भी मिला था। उन दिनों राज कपूर की फिल्मों का हिस्सा होना गर्व की बात मानी जाती थी। उन्होंने इंडस्ट्री को कई सुपरस्टार भी दिए और साथ ही कई स्टार्स की डूबती नैया को भी पार लगाया। हालांकि ये फिल्म तो हिट रही लेकिन इसकी स्टारकास्ट फ्लॉप साबित हुई। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से अफेयर के चलते मंदाकिनी का करियर तबाह हो गया। तो वहीं राजीव कपूर भी कुछ खास चल नहीं पाए।