पिछले काफी समय से देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बायोपिक 'द एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर' पर बन रही फिल्म काफी सुर्खियों में है। हाल ही में इस फिल्म के को-प्रोड्यूजर अशोक पंडित ने मनमोहन का रोल निभा रहे अनुपम खेर का लुक शेयर किया था जिसमें वह हूबहू पूर्व प्रधानमंत्री जैसे दिख रहे थे। अब इस फिल्म से सोनिया गांधी का लुक सामने आया है।
विजय रत्नाकर गट्टे द्वारा निर्देशित इस फिल्म में जर्मन एक्ट्रेस सुजेन बर्नेट सोनिया गांधी का किरदार निभाने जा रही हैं। बर्नेट बॉलीवुड एक्टर अखिल मिश्रा की पत्नी हैं जिन्होंने अलग-अलग भाषाओं में कई भारतीय फिल्मों और टीवी शो में काम किया है।
आपको बता दें, इस फिल्म से पहले भी बर्नेट एक टीवी सीरीज 'प्रधानमंत्री' में सोनिया गांधी का किरदार निभा चुकी हैं। आजादी के बाद राजनीति पर आधारित इस शो के डायरेक्टर शेखर कपूर थे।
संजय बारू की विवादित किताब 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टरः द मेकिंग एंड अनमेकिंग ऑफ मनमोहन सिंह' पर बन रही ये फिल्म पूरी तरह से एक राजनीतिक फिल्म होगी। इस फिल्म के लिए सुजेन बर्नेट ने ऑडीशन के लिए सिर्फ एक सेल्फ शूट वीडियो भेजा था जिसे देखने के बाद ही फिल्म मेकर्स ने उनके नाम पर मुहर लगा दी थी।