बहुचर्चित नाना-तनुश्री विवाद दिन ब दिन गहराता जा रहा है और वहीं एक के बाद एक बॉलीवुड स्टार्स #Metoo कैंपेन की चपेट में आते जा रहे हैं। तनुश्री ने अकेले ही इस 10 साल पुराने मामले में नाना पाटेकर, गणेश आचार्य, समी सिद्दीकी समेत फिल्म चॉकलेट के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री को भी घसीटा है। हाल ही में दिए तनुश्री ने अपने इंटरव्यू में कहा है कि #MeToo सिर्फ महिलाओं के लिए ही नहीं बल्कि बच्चों और पुरुषों के लिए भी है..आइए जानते हैं और क्या-क्या कहा विवादित एक्ट्रेस ने...
सुपरहिट फिल्म 'आशिक बनाया आपने' से लोगों की नजरों में छा जाने वाली एक्ट्रेस तनुश्री ने #MeToo पर अपनी राय रखते हुए कहा कि यह मुहिम सिर्फ महिलाओं के लिए ही नहीं है बल्कि पुरुष और बच्चे भी इसके जरिए अपने साथ हुए शोषण को समाज के सामने लाकर न्याय की मांग कर सकते हैं।
इसके बाद नाना पाटेकर को लेकर तनुश्री ने कहा कि यह लड़ाई इतनी आसान नहीं है क्योंकि जिस वक्त मेरे साथ यह हादसा हुआ था वहां तकरीबन 200 से ज्यादा लोग मौजूद थे लेकिन मेरी मदद करने के लिए कोई भी आगे नहीं आया। यहां तक कि जब उस दौरान मेरी कार पर हमला हुआ तब भी किसी ने अपनी जुबान नहीं खोली और मुझे नहीं लगता कि आज भी इनमें से कोई मेरी मदद कर पाएगा।
तनुश्री ने आगे कहा कि 'वह कोर्ट में खुद को अकेला महसूस करेंगी क्योंकि उस वक्त मेरे पीछे मेरा परिवार और मेरे खास दोस्त होंगे और आरोपियों को बचाने के लिए पूरी फौज तैयार की जा रही है जो बाद में मुझे डराएगी भी और मेरा नाम बदनाम करने की भी पूरी कोशिश करेगी। मेरी इस लड़ाई से महिलाओं को एक सबक जरूर लेना होगा कि जो आज छेड़छाड़ कर रहे हैं वो कल रेप भी कर सकते हैं क्योंकि जब इन लोगों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती तो इनके हौसले और भी ज्यादा बढ़ जाते हैं।
बॉलीवुड में तहलका मचा देने वाली एक्ट्रेस तनुश्री ने आगे कहा कि यह लड़ाई सिर्फ न्याय मिलने तक ही सीमित नहीं है बल्कि समाज से इस कुरीति को उखाड़ फेंकने की भी जंग है जिसमें ऐसे लोगों के मन में यह डर बैठाना जरूरी है कि वे कुछ भी गलत करने से पहले कई बार सोचे।