दमदार अदाकारा स्वरा भास्कर की फिल्म अनाकली ऑफ आरा के बाद कोई लीड रोल करने की उनकी तमन्ना पूरी हो गई है। जल्द ही वह हाथों में पिस्तौल लिए खाकी वर्दी पहने एक दबंग पुलिस अफसर के किरदार में नजर आएंगी, लेकिन किसी फिल्म में नहीं बल्कि वेब सीराज में। नाम है फ्लेश यानी गोश्त।
इंसानों की तस्करी पर लिखी पूजा लाढा सुरती की इस कहानी को वेब सीरीज के तौर पर सिद्धार्थ आनंद वीडियो स्ट्रीमिंग ओटीटी इरोज नाउ के लिए बना रहे हैं। पूजा इससे पहले एक हसीना थी, बदलापुर और अंधाधुन जैसी फिल्मों की कहानियां लिख चुकी हैं। उनकी कहानियों के किरदार संपूर्ण नहीं होते और कोई भी किरदार आदर्श व्यक्ति भी नहीं होता। यही इन कहानियों की खासियत है।
वेब सीरीज को निर्देशित करेंगे दानिश आलम जो इससे पहले ब्रेक के बाद बना चुके हैं। फ्लेश के बारे में स्वरा भास्कर कहती हैं, 'हर कलाकार का सपना होता है कि वह बहादुर, बिंदास और असरदार किरदारों पर काम करे। फ्लेश का हिस्सा बनने की मुझे खुशी भी है और इतनी टैलेंटेड टीम का साथ पाकर मैं उत्साहित भी हूं। करियर में पहली बार मैं एक पुलिस अफसर का किरदार निभा रही हूं और मेरे प्रशंसकों को मेरा ये नया रूप जरूर भाएगा।' स्वरा भास्कर इससे पहले वीरे दी वेडिंग में नजर आ चुकी हैं। फिल्म में मास्टरबेट के एक सीन को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल भी किया गया था।
वेब सीरीज का निर्माण सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। स्वरा भास्कर के अलावा इसमें अक्षय ओबरॉय, निद्या मलवाड़े, केविन धवे और युधिष्ठिर नजर आएंगे। इरोज ग्रुप की चीफ कंटेंट अफसर रिद्धिमा लूला ने बताया, 'हमारा पूरा ध्यान यूनीक एक्सपीरिएंस देने में और स्किल्ड टैलेंट को डिजिटल वर्ल्ड से रूबरू कराने की तरफ है।'
फ्लेश की शूटिंग शुरू हो चुकी है और अगले साल की पहली तिमाही में इसे रिलीज करने की तैयारी है। वहीं स्वरा भास्कर को फिल्म अनारकली ऑफ आरा में निर्देशित करने वाले अविनाश दास भी एक ऐसी ही वेब सीरीज पर काम शुरू कर चुके हैं, जिसके प्रोड्यूसर इम्तियाज अली हैं।