सुशांत सिंह राजपूत हमारे बीच नहीं है, इस वाक्य को कहते हुए एक साल पूरे होने वाले हैं लेकिन आज भी इस बात पर यकीन नहीं होता है। हंसता, मुस्कुराता, सितारों की दुनिया को अपने कमरे से देखने वाला एक नौजवान अभिनेता हम सबको छोड़कर किसी और दुनिया में चला गया, इस बात को हजम कर पाना आसान नहीं है। सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून को मुंबई के बांद्रा स्थित फ्लैट में फांसी लगा ली थी। उनके निधन की वजह खुलकर तो सामने नहीं आ पाई, लेकिन दावे बहुत से किए गए। सुशांत अवसाद से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था, लेकिन वो अपनी जिंदगी ही खत्म कर लेंगे ये किसी ने नहीं सोचा होगा।
Remembering SSR: अपनी आखिरी पोस्ट में सुशांत सिंह राजपूत ने जीवन खत्म होने के बारे में क्यों लिखा था ?
सुशांत सिंह राजपूत अपनी मां को बहुत याद करते थे। वो महज 15-16 साल के थे जब उनकी मां इस दुनिया से चली गईं थीं। उन्हें पिता और चारों बहनों से खूब प्यार मिला था, लेकिन मां की कमी उन्हें हमेशा महसूस होती थी। उनके पास लोगों की भीड़ तो थी, लेकिन उनके दर्द को समझने के लिए उनके पास उनकी मां नहीं थी। उनके इस आखिरी पोस्ट से भी साफ पता चल गया था कि वो अंतिम दिनों में भी अपनी मां को बहुत याद कर रहे थे। उन्होंने कई बार अपने इंटरव्यू और शोज में मां के बारे में बहुत की बाते की थीं। 3 जून 2020 को सुशांत ने अपनी मां की याद में बेहद भावुक कर देने वाली बात लिखी थी। ने लिखा था कि, 'आंखों के आंसुओं से धुंधला अतीत भाप बनकर उड़ रहा है। कभी खत्म ना होने वाले सपने चेहरे पर मुस्कराहट बिखेर रहे हैं और एक क्षणभंगुर जीवन इन दोनों के बीच बातचीत कर रहा है...मां।
सुशांत की इस पोस्ट को उस वक्त तवज्जो नहीं दी गई लेकिन उनके निधन के बाद इसे जब दोबारा पढ़ा गया तो ऐसा लगा जैसे वो अपनी मां से कुछ ऐसी बातें कर रहे हैं जो कोई और नहीं समझ सकता। ऐसा लगा जैसे वो मां से मिलने की बात कर रहे हों।
हालांकि तीन जून के बाद सुशांत सोशल मीडिया पर नहीं दिखे। इस पोस्ट के आगे वो कुछ कह ही नहीं पाए। उनकी बातों से ऐसा लगा कि जैसे अब इस दुनिया से कहने के लिए उनके पास कुछ बचा ही नहीं था। वो अपनी मां को हर पल याद करते थे लेकिन इतना कि एक दिन सब कुछ छोड़कर उनके पास ही चले जाएंगे, ये किसी ने नहीं सोचा था। उनके निधन की खबर सुनकर उनके पिता बदहवास हो गए थे।
सुशांत अपनी आखिरी फिल्म भी रिलीज होते नहीं देख पाए थे। सुशांत की फिल्म 'दिल बेचारा' उनके गुजर जाने के बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई थी। इस फिल्म में आखिरी बार अपने पसंदीदा सितारे को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गई थी।