सुशांत सिंह राजपूत केस में शुक्रवार को सीबीआई ने रिया चक्रवर्ती से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। जांच एजेंसी रिया से शनिवार को भी पूछताछ कर रही है। सीबीआई रिया के अलावा सुशांत के दोस्त सिद्धार्थ पिठानी, कुक नीरज सिंह, हाउस स्टाफ केशव बचनेर, अकाउंटेंट रजत मेवाती और दीपेश सावंत से भी पूछताछ कर रही है। इस बीच खबर आ रही है कि सीबीआई रिया चक्रवर्ती, शौविक चक्रवर्ती, सिद्धार्थ पिठानी, नीरज सिंह, सैमुअल मिरांडा सहित सभी मुख्य आरोपियों का पॉलीग्राफ टेस्ट कर सकती है।
Sushant Singh Rajput Case: सीबीआई कर सकती है पॉलीग्राफ टेस्ट, रिया ने मना किया तो जांच टीम उठाएगी ये कदम
सीबीआई कब करती है पॉलीग्राफ टेस्ट?
सीबीआई ज्यादातर हाई प्रोफाइल केस में पॉलीग्राफ टेस्ट करती है। जिसका पॉलीग्राफ टेस्ट होना है उसकी सहमति ली जाती है। साथ ही टेस्ट का एक्सेस वकील को दिया जाता है। इसके लिए ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट से अनुमति लेनी पड़ती है।
रिया ने मना किया तो क्या होगा?
अब अगर रिया चक्रवर्ती ने पॉलीग्राफ टेस्ट से मना कर दिया तो सीबीआई इसे फाइनल रिपोर्ट में लिखेगी। टेस्ट के बाद जो जानकारी मिलेगी उनको सबूत के तौर पर नहीं लिया जा सकता लेकिन सीबीआई उन्हें फाइनल रिपोर्ट में जोड़ सकेगी।
मुख्य गवाहों के बयान नहीं हो रहे मैच
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभी तक मुख्य गवाहों के बयान आपस में मैच नहीं कर रहे हैं। ऐसे में सीबीआई लाई डिटेक्टर टेस्ट कर सकती है। सिद्धार्थ पिठानी, सैमुअल मिरांडा, नीरज को कई बार बुलाकर सवाल पूछे जा चुके हैं।
नारकोटिक्स ब्यूरो दे सकती है रिया को समन
उधर, ड्रग्स मामले की जांच कर रही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) भी आज रिया को पूछताछ के लिए समन दे सकती है। दूसरी तरफ टैलेंट मैनेजर जया साहा ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को दिए बयान में कहा है कि उन्होंने कभी किसी को सीबीडी ऑयल जैसा कुछ सप्लाई नहीं किया है। जया के अनुसार सुशांत ने उनसे संपर्क करके बताया था कि वे अवसाद से जूझ रहे हैं। इसी कारण उन्होंने सीबीडी ऑयल को चाय या कॉफी के साथ लेने का सुझाव दिया था।