चारों तरफ मचती साउथ फिल्मों की धूम को देखते हुए अब दक्षिण भारतीय फिल्मों का गर निर्माता हिंदी बेल्ट में अपनी फिल्में रिलीज करने की प्लानिंग कर रहा है। जहां बीते दिनों हमने 'आरआरआर' से लेकर 'सीता रामम' तक को हिंदी बेल्ट में रिलीज होते देखा, वहीं अब इसी क्रम में एक और तमिल फिल्म का एलान हुआ है। फिल्म के एलान के साथ ही इसका एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मोशन पोस्टर रिलीज किया गया है। हम बात कर रहे हैं फिल्म 'सूर्या 42' की, जिसमें तमिल सुपरस्टार सूर्या और बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
Suriya 42: साउथ का एक और धमाका! 'सूर्या 42' का पहला मोशन पोस्टर हुआ रिलीज, इस एक्ट्रेस संग काम करेंगे सूर्या
कुछ दिनों पहले ही इंडस्ट्री में सुनहरे 25 साल पूरे करने वाले सुपरस्टार सूर्या की आगामी फिल्म 'सूर्या 42' का पहला मोशन पोस्टर हाल ही में रिलीज किया गया है। इस टीजर की शुरुआत युद्ध के मैदान में उड़ते हुए एक बाज के साथ होती है। इसमें हमें कई योद्धा घोड़ों की सवारी करते हुए, तलवारों और कुल्हाड़ियों से लड़ते हुए दिखते हैं। इतना ही नहीं इसके आखिर में हमें एक योद्धा खड़े हुए दिखता है, जिसके कंधे पर जाकर बाज बैठ जाता है। इस पोस्टर को जारी करते हुए सूर्या ने लिखा, 'हमें अपनी इस फिल्म को शुरू करते हुए, हमें आप सभी की शुभकामनाओं की जरूरत है।' यह डेढ़ मिनट का टीजर किसी के भी रोंगटे खड़े करने के लिए काफी है।
We seek all your good wishes as we begin our adventure!https://t.co/18rEmsLxom #Suriya42 @directorsiva @ThisIsDSP @DishPatani @iYogiBabu @vetrivisuals@kegvraja @StudioGreen2 @UV_Creations
शिवा द्वारा लिखित और निर्देशित 'सूर्या 42' में तमिल सुपरस्टार सूर्या लीड रोल में नजर आएंगे, वहीं इस फिल्म से बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी मुख्य अभिनेत्री के रूप में तमिल इंडस्ट्री में डेब्यू करने जा रही हैं। इस फिल्म को बहुत बड़े स्तर पर और मेगा बजट में बनाया जा रहा है। इतना ही नहीं फिल्म को 10 भाषाओं में रिलीज भी किया जाएगा, जिससे साफ होता है कि 'सूर्या 42' को पैन इंडिया लेवल पर रिलीज करने की तैयारी की जा रही है।
अभी 'सूर्या 42' को लेकर इससे ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन टीजर के अंत में लिखा गया है कि फिल्म की शूटिंग चल रही है। आपको बता दें कि सूर्या ने हाल ही में सिनेमा इंडस्ट्री में 25 साल पूरे किए हैं। इस बात की खुशी जाहिर करते हुए अभिनेता ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा था, 'सचमुच सुंदर और धन्य 25 साल..! सपने देखो और विश्वास करो..! आपका सूर्या।" आपको बता दें दो दशकों के करियर में, सूर्या ने कई बेहतरीन, यादगार और ब्लॉकबस्टर फिल्में सिनेमा इंडस्ट्री को दी हैं। सूर्या की दमदार अदाकारी के कारण उनके प्रशंसक न केवल दक्षिण में हैं बल्कि दुनिया भर में फैले हैं।'