फिल्मों और टीवी में नाम कमा चुकीं एक्ट्रेस सुधा चंद्रन लंबे समय से सिल्वर स्क्रीन से दूर हैं। सुधा ने 90 के दशक में कई फिल्मों और टीवी सीरियल में काम किया । सुधा एक बेहतरीन एक्ट्रेस के साथ गजब की क्लासिकल डांसर भी हैं । सुधा आखिरी बार साल 2006 में रिलीज हुई फिल्म 'मालामाल वीकली' में नजर आई थीं।
इस फिल्म में सुधा के काम को बहुत पसंद किया गया था । इस फिल्म को रिलीज हुए 13 साल हो चुके हैं । इस बीच सुधा किसी फिल्म में नजर नहीं आईं । हाल ही में उन्होंने फिल्मों काम ना मिलने का दर्द बयां किया । उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए बताया कि आखिर उन्हें काम क्यों नहीं मिल रहा है ।
जब सुधा से पूछा गया कि उन्हें फिल्मों के ऑफर ना मिलने के पीछे क्या वजह है! तब उन्होंने कहा, 'मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। मुझे नहीं पता कि मालामाल वीकली के बाद मुझे क्यों कोई फिल्म नहीं मिली। फिल्म में सब पुरुषों के बीच मैं इकलौती महिला थी। फिल्म में दर्शकों को मेरा काम पसंद आया और मुझे उसके लिए सराहा भी गया।'
उन्होंने आगे कहा, 'बहुत लोगों को लगता है कि मैंने फिल्मों के ऑफर रिजेक्ट किए, लेकिन सच ये है कि इंडस्ट्री से मुझे एक भी ऑफर नहीं मिला। मैं बहुत बार खुद से पूछती हूं कि क्यों प्रोड्यूसर और डायरेक्टर मुझे अप्रोच नहीं कर रहे हैं। मैं फिल्मों में कई ऐसे रोल देखती हूं जिन्हें मैं निभा सकती थी।'
'मेरे लिए यह दुखद है कि जब इतनी तरह की फिल्में बन रही हैं तब मुझे फिल्म नहीं मिल रही है।' बता दें कि सुधा इन दिनों सीरियल 'ये हैं मोहब्बतें' में काम कर रही हैं। इससे पहले वो नागिन में भी नजर आ चुकी हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे फिल्म ना मिलने और मेरा टीवी सीरियल में काम करना दोनों का आपस में कोई संबंध नहीं है।'