हमेशा लोगों को हंसाने वाले कपिल शर्मा के लिए बीते 6-8 महीने मुश्किलों भरे रहे। उनके व्यवहार ने दोस्तों को दुश्मन बना दिया। खुद कपिल तनाव और शराब के शिकार हुए। कमजोरियों को जीतने की कोशिश करते हुए, वह फिर लौटे हैं, फिल्म 'फिरंगी' के साथ। कठिन दिनों को लेकर कपिल शर्मा ने अमर उजाला से दिल खोलकर बातचीत की...
कॉमेडियन कपिल पहली बार हुए भावुक, बोले- हार्ट अटैक आ गया तो 100 करोड़ कहां लेकर जाऊंगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
साथियों से झगड़े हुए, टीवी शो की रेटिंग गिरी, आलोचना हुई, मगर बात हाथ से कैसे निकली?
रेटिंग गिरती-उठती रहती है। शो मैंने बंद किया। चैनल ने नहीं कहा। मैं सेंसेटिव हूं। लोगों को लगता है कि मैं हंसा रहा हूं पर कभी-कभी छोटी-छोटी चीजें दिल को लग जाती हैं। बहुत सोचा क्यों हुआ, कैसे हुआ? नहीं होना चाहिए था। ऊपर से खबरें पढ़ीं, इतनी नेगेटिव थीं कि पता नहीं मैंने क्या कर दिया! कभी दो दोस्तों में, परिवार में झगड़ा हो जाता है लेकिन क्या-क्या लिख डाला लोगों ने। बिना जाने-परखे कुछ भी छाप डाला।
इस छपने को आपने बहुत सीरियसली लिया?
मैं 'इंट्रोवर्ट' हूं। सोचता रहा कि छापने दो, कितना छापेंगे। मैं अपना काम करता हूं। मेरा कोई पीआर-मैनेजर नहीं है। मैंने किसी से कुछ नहीं कहा। इससे खाना बंद हो गया। पीना शुरू हो गया। बस, हालत खराब हो गई। काम पर असर पड़ा। जब शो के शूट बंद होने लगे, तो मुझे लगा कि अब और ऐसी खबरें आएंगी, इससे अच्छा है ब्रेक ले लो। इस बीच अच्छा यह रहा कि 'फिरंगी' पूरी हो चुकी थी।
पिछले छह-आठ महीने के घटनाक्रम से क्या सीखा?
सौ फीसदी किसी पर भरोसा नहीं करना चाहिए। आप दिल से काम कर रहे हैं और आपको लगता है कि साथ वाला भी दिल से लगा है, लेकिन कोई भरोसा नहीं कि वह आपको गच्चा दे दे। आगे ध्यान रखूंगा कौन दिल से जुड़ा है, कौन नहीं।
एक कपिल शर्मा हंसाने वाले हैं, दूसरे वह जिनका नया रूप दिखा। असली कपिल शर्मा कौन है?
देखिए, बोलने पर आता हूं, तो सब बोल देता हूं। अच्छा हो रहा है, तो ढिंढोरा पीट देता हूं। बुरा हो रहा है, तो किसी को बताने का दिल नहीं करता। कई बार लगता है कि दिल से ही सोचता हूं, दिमाग नहीं लगाता। फिर लगता है कि भगवान ने तभी मुझे इतना दिया है कि सिर्फ दिल से सब करता हूं। कई बार चीजें उल्टी पड़ जाती हैं।
यह भी खबर आई कि शादी करने जा रहे हैं?
पता नहीं कहां से आती हैं ऐसी खबरें। मैंने मम्मी से भी फोन करके पूछा कि क्या आपने किसी को बताया? हमारे डायरेक्टर राजीव ढींगरा आध्यात्मिक इंसान हैं। उनकी पत्नी का बर्थडे था, तो उन्होंने कहा कि शिर्डी जा रहे हैं। हमने कहा हम भी चलते हैं। वहां किसी ने (गर्लफ्रेंड गिन्नी चतरथ के साथ) फोटो खींच ली। चर्चा हो गई कि शादी करने वाले हैं।
शादी करने में क्या समस्या है? कर तो लेनी चाहिए?
कर तो लेनी चाहिए, पर क्या है कि मैं 'वर्कहोलिक' हूं। बहुत कम उम्र से, 22 साल से काम कर रहा हूं। मेरा एक काम खत्म नहीं होता और दूसरे की सोचने लगता हूं। लोग सोचते हैं कि फुर्सत निकाल कर शादी करेंगे, लेकिन मैं शायद काम करते-करते किसी दिन शादी रचा लूंगा।
शादी की खबर अचानक आएगी?
अचानक और ट्विटर पर आएगी।
लेकिन ट्विटर की वजह से आपके नाम पर कई बवाल हुए हैं!
असल में हम लोग लैंडलाइन फोन वाली पीढ़ी हैं और बीच में ट्विटर आ गया। हमें पता नहीं कि उसका सही इस्तेमाल कैसे करें। दिल में जो आता है, लिख देते हैं। आप जो पूछ रहे थे कि क्या सीखा, अब यह भी सीखा कि ट्विटर पर ज्यादा जाना ही नहीं। जब बहुत खुश हो तब भी नहीं जाना और जब बहुत गुस्से में हो, तब भी नहीं जाना।