बॉलीवुड में साउथ फिल्म इंडस्ट्री के अभिनेताओं को एक्टिंग का जलवा दिखाते हुए काफी पहले से देखा जा रहा है। सुपरस्टार रजनीकांत, कमल हासन, वेंकटेश, नागार्जुन जैसे कई बड़े नाम हैं, जिन्होंने हिंदी फिल्मों में काम किया। हालांकि, समय के साथ अब यह दायरा सिर्फ एक्टिंग तक ही सीमित नहीं रहा है। अब निर्देशन के क्षेत्र में कई टैलेंटेड डायरेक्टर भी बॉलीवुड या पैन इंडिया फिल्में बनाने लगे हैं। इन फिल्मों की वजह से ये डायरेक्टर्स केवल दक्षिण भारत में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में फेमस हो चुके हैं। आइए देखते हैं पूरी लिस्ट...
South Film Directors: इन हिंदी फिल्मों से रातोंरात मशहूर हो गए साउथ के डायरेक्टर्स, लिस्ट में राजामौली भी शामिल
एआर मुरुगदास साउथ फिल्म इंडस्ट्री में अपनी हिट फिल्मों की वजह से काफी मशहूर हैं। साल 2008 में उनके निर्देशन में बनी फिल्म गजनी के बाद वह पूरे देश में छा गए। इस फिल्म में आमिर खान नजर आए थे। फिल्म ने उस समय बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड कायम किए थे। यह फिल्म 100 करोड़ की कमाई करने वाली पहली फिल्म थी।
संदीप रेड्डी वांगा
संदीप रेड्डी वांगा ने साल 2017 में अर्जुन रेड्डी नाम की सुपरहिट फिल्म बनाई थी। फिल्म ने दक्षिण भारत में जबरदस्त सफलता हासिल की थी। बाद में उन्होंने इसी फिल्म के हिंदी वर्जन कबीर सिंह का भी निर्देशन किया, जो बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई। इस फिल्म की वजह से संदीप को पूरे देश में पहचाना जाने लगा। संदीप इस वक्त फिल्म एनिमल में व्यस्त हैं, जिसमें रणबीर कपूर नजर आने वाले हैं।
एसएस राजामौली
एसएस राजामौली साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सबसे सफल डायरेक्टर्स में से एक हैं। उन्होंने साउथ की कई सुपरहिट फिल्मों का निर्देशन किया है, लेकिन बाहुबली की वजह से वह पूरे देश में मशहूर हो गए। इस फिल्म को पूरे देश ने पसंद किया। साथ ही, इसके सीक्वल का भी इंतजार किया। बता दें कि बाहुबली 2 भारतीय बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है।
प्रशांत नील
कन्नड़ फिल्म निर्देशकों के बारे में हिंदी पट्टी के लोगों को शायद ही पता होगा, लेकिन प्रशांत नील के साथ ऐसा नहीं है। उनकी फिल्म केजीएफ का जादू लोगों पर ऐसा चला कि देखते ही देखते वह पूरे देश में मशहूर हो गए। उनकी केजीएफ 2 का फैंस को काफी समय से इंतजार है। रॉकिंग स्टार यश की यह फिल्म 14 अप्रैल को रिलीज होने जा रही है।