लॉकडाउन के बीच अभिनेता सोनू सूद लगातार प्रवासी मजदूरों और छात्रों की मदद कर रहे हैं। सोनू कई बसों का इंतजाम कर लोगों को उनके घरों तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं। इसके लिए लोग ट्विटर के जरिए सोनू से मदद मांग रहे हैं। सोनू भी हर उस शख्स की मदद करने की पूरी तरह से कोशिश कर रहे हैं। सोनू सूद अब तक 12 हजार से अधिक लोगों की मदद कर चुके हैं। अब उन्होंने इसे और भी सुविधाजनक बनाते हुए एक टोल फ्री नंबर शुरू कर दिया है।
सोनू सूद ने जारी किया 'हेल्पलाइन नंबर', अब फोन पर बता सकेंगे कहां फंसे हैं और कहां जाना है
घर पहुंचने की जद्दोजहद में भूखे- प्यासे, तेज धूप में पैदल सड़कों पर मीलों का सफर तय कर रहे कामगारों की तकलीफ सोनू सूद से देखी नहीं गई। जिसके चलते उन्होंने लॉकडाउन के दौरान मुंबई में फंसे मजदूरों को घर भेजने के लिए कई बसों का भी इंतजाम किया। अभिनेता ने कर्नाटक, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश तक मजदूरों को बसों से भिजवाया है। अब सोनू ने इसके लिए एक और पहल करते हुए कॉल सेंटर खोल अपना एक टोल फ्री नंबर जारी किया है।
टोल फ्री नंबर जारी करने का उद्देश्य ये है कि जो भी लोग सोनू से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं वो उनसे आसानी से संपर्क कर सकें। न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए सोनू ने बताया, 'मुझे रोजाना काफी फोन आ रहे थे... रोज हजारों कॉल आ रहे थे। मेरा परिवार और मित्र लोगों की सूचनाएं एकत्र करने में जुटे हुए थे, तभी हमें एहसास हुआ कि हमसे तमाम ऐसे लोग छूट जाएंगे जो हमसे संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। इसलिए हमने यह कॉल सेंटर बनाने का फैसला लिया, यह टोल फ्री नंबर है।'
इसके अलावा इस बात की जानकारी सोनू ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के जरिए भी दी थी। सोनू ने अपने ट्वीट में लिखा, 'मेरे प्यारे श्रमिक भाइयों और बहनों। अगर आप मुंबई में हैं और अपने घर जाना चाहते हैं तो कृपया इस नंबर पर कॉल करें 18001213711 और बताएं आप कितने लोग हैं, कहां हैं अभी, और कहां जाना चाहते हैं। मैं और मेरी टीम जो भी मदद कर पाएंगे हम जरूर करेंगे।'
मेरे प्यारे श्रमिक भाइयों और बहनों. अगर आप मुंबई में है और अपने घर जाना चाहते हैं तो कृपया इस नंबर पर कॉल करें
18001213711
और बताएं आप कितने लोग हैं, कहाँ हैं अभी, और कहां जाना चाहते हैं. मैं और मेरी टीम जो भी मदद कर पाएंगे हम जरूर करेंगे. pic.twitter.com/Gik2eSCiQZ
सोनू सूद चाहते हैं कि वो ज्यादा से ज्यादा लोगों को उनके घर तक पहुंचाने में मदद करें। गौरतलब है कि सोनू सूद लगातार लोगों की मदद कर रहे हैं। उन्हें कभी भी कोई मैसेज करता है या ट्वीट करता है तो वो आधी रात को भी उसका जवाब दे रहे हैं। हालांकि इस बीच कुछ लोग सोशल मीडिया पर उनके साथ मस्ती मजाक भी कर रहे हैं और सोनू उनको भी शानदार जवाब दे रहे हैं।
पढ़ें: गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए शख्स ने लगाई सोनू सूद से मदद की गुहार, अभिनेता ने ऐसे करवाई 'प्यार की परीक्षा'