सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के पूरे परिवार का बॉलीवुड से गहरा नाता है। बात चाहें जया बच्चन की हो, बहु ऐश्वर्या की हो या फिर बेटे अभिषेक बच्चन की। सभी ने बॉलीवुड में अपनी फिल्मों से दर्शकों का दिल जीता है। इस लिस्ट में अब तक अगर किसी का नाम शामिल नहीं था तो वो थीं अमिताभ बच्चन की बेटी श्वेता बच्चन नंदा।
लेकिन अब अमिताभ बच्चन की बेटी श्वेता बच्चन नंदा भी जल्द एक्टिंग में डेब्यू करने वाली हैं। हालांकि वो किसी फिल्म में नजर नहीं आएंगी बल्कि वो अपने पापा अमिताभ बच्चन के साथ एक ज्वैलरी की एड में दिखाई देंगी।
हाल ही में इस एड शूट की तस्वीरें सामने आई हैं जिसमें पिता अमिताभ के साथ बेटी श्वेता नजर आ रही हैं। यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। तस्वीर में आप देख सकते हैं कि, श्वेता अपने पिता अमिताभ की चलने में मदद कर रही हैं। यह एड इस साल जुलाई तक ऑन एयर हो सकता है।
खबरों की मानें तो एडमेकर जीबी विजय द्वारा निर्देशित इस विज्ञापन में बाप-बेटी के प्यार और विश्वास से भरे रिश्ते की कहानी दिखाई देगी। इसके साथ ही अपने फैशन सेंस के लिए फेमस श्वेता के स्टाइल की झलक ब्रैंड के सिग्नेचर कलेक्शन में भी दिखाई दे सकती है।
असल जिंदगी में बिग-बी अपनी बेटी श्वेता के बेहद करीब बताए जाते हैं और स्क्रीन पर भी आपको यहीं देखने को मिलेगा। अब देखना ये है कि दर्शकों को इस एड के जरिए असल जिंदगी के पिता अमिताभ बच्चन और उनकी बेटी श्वेता की जोड़ी काफी पसंद आती है या नहीं।