सरोज खान ने हाल ही में कास्टिंग काउच पर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि बॉलीवुड रेप के बदले रोटी देता है । इसके बाद बॉलीवुड सेलेब्रिटीज ने उनके इस बयान पर नाराजगी जताई थी। अब इस मामले में शत्रुघ्न सिन्हा का भी बयान सामने आया है ।
उन्होंने कहा, 'बॉलीवुड और राजनीति, दोनों जगह महिलाओं से सेक्शुअल फेवर मांगा जाता है । सरोज खान गलत नहीं है । ये सब तो बहुत लंबे समय से चला आ रहा है । मैं आपको कुछ दूंगा, इसके बदले में आपको कुछ देना होगा । ये तो बहुत पहले से चल रहा है । इसमें नाराज होने की क्या बात है ।'
शत्रुघ्न सिन्हा ने सरोज खान के बारे में कहा, 'सरोज खान ने कोरियोग्राफी में काफी कॉन्ट्रीब्यूट किया है । उन्होंने रेखा, श्रीदेवी और माधुरी जैसी हीरोइनों का करियर बनाया है जो कि अतुलनीय है । सरोज खान लीजेंड हैं ।'
'वो जब भी बोलती हैं तो दिल से बोलती हैं । अगर उन्होंने कहा है कि बॉलीवुड में लड़कियों को कॉम्प्रोमाइज करना पड़ता है तो जरूर उन्हें इसके बारे में पता चला होगा ।' सिन्हा ने बॉलीवुड में कास्टिंग काउच होने की बात खुद भी कबूली ।
उन्होंने कहा, 'मैं सरोज जी से पूरी तरह से सहमत हूं । मुझे पता है कि लड़कियों को फिल्म पाने के लिए किस तरह के कॉम्प्रामाइज करने पड़ते हैं । हो सकता है सरोज जी इस तरह के किसी दर्द से गुजर चुकी हों । बात रही पॉलिटिक्स की तो मुझे नहीं पता यहां कास्टिंग काउच को क्या बोला जाता है ।'