हिंदी सिनेमा के बादशाह रह चुके शाहरुख खान और निर्देशक राजकुमार हिरानी के एक साथ काम करने के आसार मुंबई के मानसून की तरह ही फिर से नजर आने लगे हैं। राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बतौर अभिनेता शाहरुख जो फिल्म करने जा रहे हैं, उसकी शूटिंग अक्टूबर में शुरू होने के कयास लगाए जा रहे हैं। शाहरुख खान ने 2018 में आई फिल्म 'जीरो' के बाद किसी फिल्म में काम नहीं किया है। हालांकि, शाहरुख खान के आधिकारिक प्रवक्ता ने इस बारे में कुछ भी तय होने से इनकार किया है।
2 of 5
शाहरुख खान, राजकुमार हिरानी
- फोटो : Amar Ujala, Mumbai
देश में कोरोना वायरस की वजह से लॉकडाउन होने के साथ ही शाहरुख खान और राजकुमार के एक साथ काम करने की खबरें हवा होने लगी थीं। बताया जा रहा था कि वह मई के मध्य से अपनी फिल्म की शूटिंग शुरू कर देंगे लेकिन लॉकडाउन के कारण उनकी योजना पर पानी फिर गया। बताया जा रहा है कि अब शाहरुख ने राजकुमार को ऑनलाइन प्री प्रोडक्शन का काम शुरू करने के लिए कहा है।
3 of 5
शाहरुख खान
- फोटो : सोशल मीडिया
साथ ही, उन्होंने कहा है कि राजकुमार चाहें तो कनिका ढिल्लों और अभिजात जोशी के साथ लिखी पटकथा पर बाकी काम भी पूरा कर सकते हैं। इस बारे में जब अमर उजाला ने शाहरुख खान के प्रवक्ता से बात की तो उन्होंने बताया कि अभी इस फिल्म को लेकर कोई भी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। उन्होंने कहा, 'इस प्रोजेक्ट को लेकर अफवाहें पिछले दो साल से उड़ रही हैं लेकिन अभी तक कुछ भी निर्णय नहीं लिया गया है।'
4 of 5
राजकुमार हिरानी
- फोटो : Amar Ujala, Mumbai
उन्होंने बताया, 'अगर वह कोई भी फिल्म बनाने जाएंगे तो वह उसकी आधिकारिक रूप से घोषणा जरूर करेंगे। फिलहाल के लिए यह सभी खबरें सिर्फ एक अफवाह हैं।' शाहरुख और राजकुमार के बीच अगर यह फिल्म बनाना तय होता है तो वह पहली बार एक दूसरे के साथ काम करेंगे। राजकुमार अपनी फिल्म 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' और '3 इडियट्स' के लिए भी शाहरुख खान से बात कर चुके थे लेकिन शाहरुख ने तब उनके साथ काम करने से मना कर दिया था।
आनंद एल राय के निर्देशन में वर्ष 2018 में आई फिल्म 'जीरो' के बाद से शाहरुख खान ने अपनी किसी भी नई फिल्म की घोषणा नहीं की है। इस फिल्म में शाहरुख के साथ अनुष्का शर्मा और कटरीना कैफ मुख्य भूमिकाओं में नजर आईं थीं।