अगर संजीव कुमार आज हमारे बीच होते तो उनकी उम्र 80 साल से ज्यादा होती लेकिन बॉलीवुड को शानदार फिल्में देने वाले संजीव कुमार वक्त से पहले ही दुनिया को अलविदा कह गए। संजीव कुमार की फिल्मों और जया बच्चन के साथ उनकी सुपरहिट जोड़ी के कई किस्से मशहूर हैं लेकिन ‘शोले’ फिल्म में ठाकुर का किरदार उनकी एक्टिंग से अमर हो गया।
संजीव कुमार का महज 47 की उम्र में साल 1984 में हार्ट अटैक से निधन हो गया था। संजीव कुमार को दो बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। साल 1960 में आई फिल्म 'हम हिंदुस्तानी' संजीव कुमार की पहली फिल्म थी।
संजीव कुमार को हमेशा इस बात का डर रहता था कि वो जल्दी ही दुनिया को अलविदा कह देंगे इसके पीछे उनका एक डर था जो उनके मन में बैठ गया था। दरअसल संजीव कुमार के घर सभी मर्दों ने 50 से कम उम्र में ही दुनिया को अलविदा कह दिया था ऐसे में संजीव कुमार को भी यही लगता था कि वो भी 50 से कम उम्र में ही दुनिया को अलविदा कह देंगे।
संजीव कुमार और जया बच्चन की जोड़ी एक समय बहुत हिट रही। संजीव कुमार ही ऐसे एक्टर थे जिनके साथ जया ने पति से लेकर ससुर तक के रोल किए। जैसे फिल्म कोशिश में पति का रोल, अनामिका में प्रेमी का किरदार, शोले में ससुर का रोल और सिलसिला में भाई का रोल।
कहा जाता है कि संजीव कुमार को एक बार नूतन ने सेट पर थप्पड़ मार दिया था। दरअसल 1969 में फिल्म 'देवी' की शूटिंग चल रही थी। इसमें हीरो थे संजीव कुमार और हीराइन थीं नूतन। शूटिंग के दौरान सेट पर एक पत्रिका में छपी अपने और संजीव के अफेयर की खबर को देखते ही नूतन का पारा चढ़ गया। खबर में लिखा था कि नूतन अपनी शादीशुदा जिंदगी से खुश नहीं हैं और पति से अलग होकर संजीव कुमार के साथ घर बसाना चाहती हैं लेकिन आखिरी शूटिंग शेड्यूल के दौरान उन्होंने संजीव कुमार को एक कोने में बुलाया और संजीव कुमार के गाल पर जोरदार तमाचा मारा।