विदित ओलक: 'मेरे लिए बहुत बुरा दौर है', हनी सिंह ने भतीजे के निधन पर जताया शोक; गिप्पी ग्रेवाल ने कही ये बात
- Honey Singh: गायक यो यो हनी सिंह विदित ओलक को अपना भतीजा मानते थे।
- आज एक सड़क हादसे में विदित ओलक और उनके दोस्त की जान चली गई।
- मशहूर सिंगर ने सोशल मीडिया पर अपने मुंह बोले भतीजे के निधन पर शोक जताया है।
विस्तार
हनी सिंह ने भतीजे के निधन पर जताया दुख
सिंगर ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपने भतीजे के निधन की पुष्टि करते हुए गहरा दुख जताया है। उन्होंने एक भावुक संदेश शेयर करते हुए लिखा 'यह मेरे लिए एक बहुत ही बुरा दौर है... अपने भतीजे को खोना दिल तोड़ने वाला है। भोलेनाथ, कृपा करें।'
बता दें कि जालंधर में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसा पुलिस लाइन के पास स्थित फ्लाईओवर पर हुआ, जहां बर्थडे पार्टी से घर लौट रहे युवकों की फॉक्सवैगन कार नगर निगम की खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार दो युवकों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान मशहूर पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड के मालिक दिनेश के बेटे विदित ओलक और पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे आरव तलवाड़ के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक हनी सिंह म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड के साथ काम कर चुके हैं। इसी वजह से वह विदित ओलक को अपना भतीजा मानते थे। हादसे की सूचना मिलते ही थाना बारादरी की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
गिप्पी ग्रेवाल ने भी जताया दुख
पंजाबी सिंगर गिप्पी ग्रेवाल ने भी दिवित के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और परिवार को इस मुश्किल समय में हिम्मत देने की प्रार्थना की।
गिप्पी ग्रेवाल ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'मेरे प्यारे भतीजे दिवित औलख के अचानक निधन से मेरा दिल टूट गया है और मैं बेहद दुखी हूं। इस दर्द को बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। वाहेगुरु तुम्हारी आत्मा को हमेशा शांति दे और दिनेश भाई और पूरे औलख परिवार को इस दुख को सहने की ताकत और हिम्मत दे। वाहेगुरु।'
- पुलिस के अनुसार, कार बीएमसी चौक की ओर से बीएसएफ चौक की तरफ जा रही थी। इसी दौरान कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
- हादसे के समय कार में कुल पांच युवक सवार थे, जिनमें से दो की मौत हो गई।
- थाना प्रभारी साहिल चौधरी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों के परिजनों ने पुलिस से आगे की कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया।
- इसके बाद दोनों के शव परिवारों को सौंप दिए गए।