सुशांत सिंह राजपूत के निधन की गुत्थी सुलझ नहीं पाई है। इसी बीच अब टेलीविजन अभिनेता समीर शर्मा ने भी आत्महत्या कर ली है। समीर ने ये कदम क्यों उठाया इस बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। लेकिन अब समीर शर्मा के कई सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हो रहे हैं। सुशांत के निधन के बाद समीर ने उनके लिए भी एक पोस्ट साझा किया था। जिसमें उन्होंने डिप्रेशन को लेकर बात की थी।
सुशांत सिंह राजपूत की कथित आत्महत्या के बाद समीर शर्मा ने लिखा था पोस्ट, डिप्रेशन और सुसाइड को लेकर की थी बात
दरअसल सुशांत सिंह राजपूत की कथित आत्महत्या मामले को लेकर शुरुआत से ही कहा जा रहा था कि सुशांत डिप्रेशन में थे। जिसके बाद उनके डॉक्टर्स ने भी अपने बयान में कहा था कि सुशांत बायपोलर डिसऑर्डर से जूझ रहे थे। इसे लेकर ही समीर ने एक पोस्ट साझा किया था। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने 'बायपोलर डिसऑर्डर क्या होता है' और 'ये कैसे आपकी मनोदशा पर काबू करता है' को लेकर बात की थी।
समीर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए पोस्ट साझा किया था। समीर ने पोस्ट में लिखा था कि, 'मैं अब मेंटल हेल्थ के बारे में इस कारण बात कर रहा हूं क्योंकि, डॉक्टर ने कंफर्म कर दिया है कि सुशांत बायपोलर डिसऑर्डर से जूझ रहे थे। आपको पता है कि बायपोलर डिसऑर्डर, डिप्रेशन, स्किजोफ्रीनिया में आखिर होता है क्या है। किसी को भी इसके बारे में पता नहीं होगा जब तक आप खुद इस बीमारी को झेल नहीं लेते। डिप्रेशन ऐसी बीमारी है, जिसे आप समझ नहीं सकते। ये कैंसर या डायबिटिज की तरह नहीं, क्योंकि शरीर में इसके लक्षण नजर नहीं आते।'
Read this if you cared about Sushant Singh Rajput.
A post shared by Samir Sharma (@samir5d) on
आगे समीर ने लिखा, 'क्या तुम जानते भी हो कि अपनी जान खुद लेना आखिर क्या होता है? सोचना भी मत, अगर करने की कोशिश भी की तो तुम्हारी हालत खराब हो जाएगी। उस आदमी ने अपनी जान खुद ली है। आप जैसा सोच रहे हैं ये उतना आसान नहीं है। वह खूब लड़ा था, इतनी तकलीफ झेली थी। आखिर में उसके पास खुद की जान लेने का ही रास्ता बचा था।' समीर ने खुद इस पोस्ट के जरिए आत्महत्या के बारे में बात की थी। और कुछ दिन बीत जाने के बाद उन्होंने खुद ये कदम उठा लिया।
गौरतलब है कि समीर शर्मा समीर छोटे पर्दे के एक जानेमाने कलाकार थे। समीर कई टीवी शोज में नजर आ चुके थे और हर बार उन्होंने अपने किरदारों से सबका दिल जीता था। समीर शर्मा 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी', 'ये रिश्ते हैं प्यार के', 'ज्योति', 'गीत सबसे हुई पराई' और 'कहानी घर घर की' सहित कई सीरियल में काम कर चुके थे। इस पूरे मामले में एक वजह ये भी सामने आ रही है कि हो सकता है काम की तंगी के चलते अभिनेता ने ऐसा कदम उठाया हो। लेकिन अभी तक कुछ भी इस मामले में पुख्ता रूप से नहीं कहा जा रहा है।
पढ़ें: अभिनेता समीर शर्मा के आखिरी तीन इंस्टाग्राम पोस्ट, खामोशी और उदासी हो रही थी बयां