हेलन को अगर बॉलीवुड की पहली आइटम गर्ल कहा जाए तो गलत नहीं होगा। कुछ ही दिन बाद हेलन अपनी जिंदगी के 80 साल पूरे कर चुकी हैं । हेलन को आखिरी बार साल 2000 में रिलीज हुई फिल्म 'मोहब्बतें' में देखा गया था। 18 साल हो गए, उन्हें लाइम लाइट से दूर हुए। कभी-कभी अपने परिवार के साथ किसी फंक्शन में जरूर नजर आ जाती हैं। भारतीय सिनेमा में आइटम सॉन्ग शुरू करने का श्रेय हेलन को ही जाता है।
एंग्लो इंडियन हेलन जब तक फिल्मों में रहीं, उनका स्टारडम चरम पर रहा । अपने डांस से हेलन ने दर्शकों को खूब एंटरटेन किया। आज हम आपको उनकी निजी जिंदगी की ऐसी असलियत बताएंगे जहां सिर्फ अंधेरा था। हेलन फिल्मी पर्दे पर थिरकती हुई सबका मन मोह लेती थीं। चेहरे पर मुस्कान बिखेरने वाली हेलन की जिंदगी में कभी सिर्फ मायूसी थी। हेलन का जन्म 21 नवंबर 1938 में बर्मा में हुआ था। उनकी मां बर्मा की थीं। हेलन का एक भाई और एक सौतेली बहन जेनिफर थी।
पिता का निधन होने के बाद उनकी मां ने एक ब्रिटिश सैनिक से शादी कर ली। इसके बाद हेलन ने अपने सौतेले पिता का सरनेम रिचर्डसन अपना लिया। लेकिन वर्ल्ड वॉर II में रिचर्डसन की मौत हो गई। जब जापान ने बर्मा पर कब्जा किया तो हेलन का पूरा परिवार भारत की ओर चल दिया। यात्रा के दौरान उन्हें जंगलों और गांवों से गुजरना पड़ा। हेलन की मां और दोनों भाई-बहन भूख से बिलख रहे थे। तब ग्रामीणों ने उन्हें अपने घर पर रखा और खाना दिया।
वहीं पर एक ब्रिटिश सैनिक ने उन्हें मुंबई जाने के लिए गाड़ी, खाना और दवाइयां दी। इस दौरान हेलन मां प्रेग्नेंट थीं लेकिन यात्रा के दौरान उनका मिसकैरेज हो गया। जिस ग्रुप के साथ हेलन का परिवार मुंबई जा रहा था उनमें से कुछ लोग भुखमरी और कुछ बीमारी के कारण मर गए। मुंबई की मंजिल अभी दूर थी इसलिए हेलन की मां ने कोलकाता में रुकने फैसला किया। हेलन का पूरा परिवार वहीं घर लेकर रहने लगा । वो वहां पर नर्स का काम करने लगीं।
हेलन और उनके दोनों भाई-बहन को स्कूल भेजा गया। लेकिन मां की सैलरी से घर का खर्च निकालना मुश्किल था। कोलकाता में रहने के दौरान हेलन की मां की मुलाकात कुकु मोरे से हुई जो फिल्मों में बैकग्राउंड डांसर थीं। हेलन घर चलाने के लिए नौकरी ढूंढ रही थीं। तब कुकु ने हेलन को फिल्मों में कोरस डांसर की नौकरी दिलवाई। हेलन के आते ही कुकु का चार्म फीका पड़ने लगा और हेलन ने अपनी जगह बना ली।