शोले, दीवार, जंजीर और डॉन जैसी सैकड़ों बेहतरीन फिल्मों की पटकथा लिखने वाले सलीम खान आज 84 साल के हो गए हैं। एक शानदार लेखक के साथ वो एक जिंदादिल इंसान भी हैं। मुंबई में एक्टर बनने की चाहत में पहुंचे सलीम खान की ये इच्छा पूरी तो नहीं हो सकी लेकिन एक लेखक के तौर में उन्होंने जिस तरह से बॉलीवुड में अपना योगदान दिया उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। कोई उन्हें ज्ञान का सागर कहता है तो कोई पूरा संस्थान।
सलीम खान की जिंदगी के कई किस्से लोगों के बीच मशहूर हैं। लेकिन एक काफी दिलचस्प किस्सा उनके बेटे सलमान खान के स्कूल के दिनों का भी है। कुछ महीनों पहले जब पिता-पुत्र द कपिल शर्मा शो में पहुंचे थे तो उन्होंने अपनी कहानी बताई थी। सलमान ने बताया था कि उनके पिता सलीम खान को उनकी जगह सजा मिली थी।
सलमान खान ने बताया था कि वो बचपन में बहुत शैतान थे। इसलिए उनकी इतनी मार पड़ती थी कि उनकी पीठ पर डंडे के निशान बने रहते थे। सलमान तब क्लास 4 में थे। उन्हें टीचर ने क्लास के बाहर खड़ा कर दिया था। सलमान के पिता सलीम खान तब किसी काम की वजह से वहां से गुजर रहे थे। जब उन्होंने सलमान को खड़ा हुआ देखा तो उन्हें लगा कि सलमान ने जरूर कोई शैतानी की होगी। सलीम खान ने जाकर सलमान से पूछा कि वो सजा में क्यों खड़े हैं?
सलमान ने जवाब दिया कि उन्हें इस बारे में नहीं पता। तब सलीम खान स्कूल के प्रिंसिपल के पास गए और पूछा कि सलमान को क्यों सजा दी गई है? प्रिंसिपल ने जवाब दिया उनकी स्कूल फीस टाइम पर जमा नहीं हुई है, इसलिए उन्हें सजा दी गई है। सलीम खान ने प्रिंसिपल से कहा कि फीस न भर पाना उनकी गलती है न कि सलमान की। सलमान को क्लास में बैठना चाहिए और उन्हें सलमान की जगह सजा में खड़ा होना चाहिए। उसके बाद सलीम खान सजा में तब तक खड़े रहे जब तक स्कूल की छुट्टी नहीं हुई।
सलमान ने इस वजह से रणबीर कपूर को जड़ा था थप्पड़, सलीम खान ने मांगी थी माफी