रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की जोड़ी पहली बार बड़े पर्दे पर 'गली ब्वॉय' में साथ दिखने वाली है। खबर है कि इस फिल्म में रणवीर और आलिया पापोन के गाने पर थिरकते नजर आएंगे। फिल्म की डायरेक्टर जोया अख्तर ने अपनी अपकमिंग फिल्म के लिए पापोन को साइन किया है।
फिल्म से जुड़े सूत्रों ने बताया कि अब चूंकि फिल्म म्यूजिक पर आधारित है और जोया पापोन के म्यूजिक की फैन भी हैं इसलिए उन्हें इस फिल्म के लिए पापोन से बेहतर कोई और नजर नहीं आया। फिल्म के लिए पापोन फाइनल ट्रैक पर काम कर रहे हैं।
आपको बता दें कि इस फिल्म की कहानी स्ट्रीट रैपर्स की है जिसमें रणवीर खुद रैपर बनेंगे। गली ब्वॉय को फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी एक्सल एंटरटेनमेंट और जोया के हाल ही में लॉन्च हुए बैनर 'टाइगर बेबी' के अंतर्गत प्रोड्यूस करेंगे।
अब देखना ये होगा कि 'मोह मोह के धागे' गाने से लोगों को अपना दीवाना बनाने वाले पापोन इस फिल्म में अपना जादू बरकरार रख पाते हैं या नहीं।