बॉलीवुड में एक बार फिर कमबैक कर रहीं रानी मुखर्जी की फिल्म हिचकी का गाना 'ओए हिचकी' 20 फरवरी को रिलीज होने जा रहा है। इसके लिए रानी ने एक स्पेशल वीडियो रिकॉर्ड करवाया है। जिसमें वह महिला सशक्तिकरण का मैसेज देंगी।
फिल्म के गाने में इस बात को बेहद ही खूबसूरती से दिखाया जाएगा कि कैसे फेयर स्किन होने के बाद भी लड़कियों को अपंग होने पर ठुकरा दिया जाता है और दूसरी बात यह दिखाई जाएगी कि क्यों लड़कियों को अपने पार्टनर चुनने की आजादी नहीं होती है।
साथ ही रानी इस गाने में लोगों से सामाजिक भेदभाव जैसे कि जाति, धर्म, लिंग, रंग, सामाजिक-आर्थिक बैकग्राउंड को उखाड़ फेंकने का संदेश देंगी। इतना ही नहीं वह गाने में यह भी समझाती नजर आएंगी कि हमारा टैलेंट, कामयाबी और हमारा योगदान समाज में हमारी पहचान बनाते हैं।
'ओए हिचकी' गानें से लोगों में इस बात की भी हिम्मत भरी जाएगी कि कैसे जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना किया जाता है। फिल्म प्रोड्यूसर मनीष शर्मा ने कहा कि ये गाना भेदभाव के उन पहलुओं को दर्शाएगा जिसे समाज में रोजाना देखा जाता है।
फिल्म 'हिचकी' यशराज बैनर तले बन रही है जिसमें रानी मुखर्जी एक ऐसे टीचर का किरदार निभाएंगी जिसे नर्वस सिस्टम डिसऑर्डर है। इस फिल्म का खास उद्देश्य यह है कि कैसे एक शारीरिक कमजोर व्यक्ति अपनी कमजोरी को ताकत बनाकर सफलता की बुलंदियों तक पहुंचता है। बता दें कि फिल्म 23 मार्च को रिलीज होगी।