अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रक्षा बंधन' का ट्रेलर मंगलवार (21 जून) को रिलीज हो गया। यह फिल्म भाई-बहन के खूबसूरत रिश्ते पर आधारित है, जिसमें आपको मजाक-मस्ती के साथ प्यार और इमोशन भी खूब देखने को मिलेगा। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के लिए एक्टर दिल्ली में मौजूद थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कई सवालों के जवाब दिए। अक्षय ने आमिर खान की लाल सिंह चड्ढा के साथ फिल्म के होने वाले क्लैश पर भी खुलकर अपनी बात रखी।
Raksha Bandhan VS Lal Singh Chaddha: आमिर की फिल्म संग टक्कर पर खुलकर बोले अक्षय, कहा- यह क्लैश नहीं बल्कि...
अक्षय कुमार की यह फिल्म 11 अगस्त को रिलीज हो रही है। ठीक इसी दिन आमिर खान की फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' भी सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। एक ही दिन दो बड़े सितारों की फिल्म रिलीज होने की चर्चा अभी से शुरू हो गई है। ट्रेलर लॉन्च इवेंट पर इस बारे में बात करते हुए अक्षय ने कहा, 'यह क्लैश नहीं है। यह दो अच्छी फिल्मों का एक साथ आना है। यह एक बड़ा दिन है। कोविड -19 के कारण कई फिल्में रिलीज़ नहीं हुईं और कुछ अभी भी रिलीज की तारीख का इंतजार कर रही हैं, ऐसे में यह स्वाभाविक है कि अधिक फिल्में एक साथ रिलीज होंगी। मुझे उम्मीद है कि दोनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करेंगी।'
फिल्म के ट्रेलर को अक्षय कुमार ने फैंस के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'जहां परिवार का प्यार होता है, वहां रुकावट का समाधान भी होता है। रक्षाबंधन का ट्रेलर आ चुका है। जरूर देखें।'
Jahan parivaar ka pyaar hota hai, wahan har rukaavat ka samadhaan bhi hota hai! ✨#RakshaBandhanTrailer is out, watch now. https://t.co/QBn8GVwhzs#ReturnToFeelings#RakshaBandhan11August
— Akshay Kumar (@akshaykumar) June 21, 2022
गौरतलब है कि आनंद एल राय के निर्देशन में बनी 'रक्षाबंधन' में अक्षय कुमार और भूमि पेडनेकर मुख्य भूमिका में हैं। इससे पहले आनंद 'तनु वेड्स मनु', 'रांझणा' और 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' जैसी सुपरहिट फिल्में बना चुके हैं। अक्षय कुमार के साथ यह उनकी दूसरी फिल्म है। दोनों इससे पहले 'अतरंगी रे' में साथ काम कर चुके हैं।